सेंधवा

सेंधवा में डेढ़ किलोमीटर जर्जर सड़क पर उठे सवाल, अधिवक्ता बी.एल. जैन ने स्थायी मरम्मत की मांग दोहराई

सीएम हेल्पलाइन शिकायत के 26 दिन बाद भी स्थायी सुधार नहीं, लोक निर्माण विभाग को भेजा नया पत्र

जनोदय पंच। सेंधवा के पुराने एबी रोड स्थित निजी रेस्टोरेंट से पीपलधार डायवर्शन तक जर्जर सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होने पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता बी.एल. जैन ने मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की है।

जर्जर सड़क को लेकर फिर उठाया मुद्दा

सेंधवा शहर के पुराने एबी रोड स्थित निजी रेस्टोरेंट से पीपलधार डायवर्शन तक लगभग 1.50 किलोमीटर लंबा मार्ग अनेक स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता बी.एल. जैन ने बताया कि इस संबंध में 6 जुलाई को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद सड़क पर केवल मुरूम डालकर मरम्मत का कार्य किया गया, जबकि यह सड़क परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत निर्मित है। उनका कहना है कि इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमानुसार स्थायी मरम्मत कार्य नहीं कराया गया।

मुख्यमंत्री सहित अधिकारियों को भेजा पत्र

बी.एल. जैन ने मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री, प्रमुख सचिव, मुख्य अभियंता तथा कलेक्टर बड़वानी को पत्र भेजकर अवगत कराया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के 26 दिन बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि शिकायत विभिन्न स्तरों पर अग्रेषित की जाती रही, लेकिन निराकरण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इससे यह प्रतीत होता है कि संबंधित अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को भी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

आवागमन प्रभावित, स्थायी समाधान की मांग

पत्र में बी.एल. जैन ने बताया कि निजी रेस्टोरेंट से पीपलधार के बीच करुणा अस्पताल, मैकेनिक नगर, स्कूल, गौशाला, बिजासन माता मंदिर तथा महाराष्ट्र की ओर जाने वाले मार्ग पर लगातार यातायात का दबाव रहता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग साढ़े चार वर्ष पूर्व निर्मित यह सड़क अभी भी परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है, इसलिए मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की है। केवल मुरूम डालने से बारिश के दौरान वाहन फिसलने की आशंका बनी रहती है और स्थायी मजबूतीकरण नहीं होने से लोगों को इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ रहा है।

मंत्री की समीक्षा बैठक का किया उल्लेख

बी.एल. जैन ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने 30 जुलाई को मुख्य अभियंता सम्मेलन में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए खराब सड़कों के लिए जवाबदेही तय करने और समय पर मरम्मत नहीं होने पर संबंधित कार्यपालन यंत्री के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने कहा कि शिकायत के 26 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होना आश्चर्यजनक है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से नियमानुसार तत्काल स्थायी मरम्मत कार्य प्रारंभ कराने, सड़क का मजबूतीकरण करने तथा जल निकासी के लिए नाली निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!