सेंधवा ; बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड. एवं एम.पी.एड. प्रवेश काउंसलिंग का दूसरा चरण आज से शुरू

सेंधवा ; उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड. एवं एम.पी.एड. पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु द्वितीय चरण की काउंसलिंग 18 जून से प्रारंभ हो गई है। ऐसे अभ्यर्थी जो प्रथम चरण में पंजीयन नहीं करा सके थे, वे 18 जून से 22 जून 2026 तक ई-प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। दस्तावेजों का सत्यापन शासकीय महाविद्यालयों (हेल्प सेंटर) द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा तथा अभ्यर्थियों को कॉलेज जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
पहले चरण के आवेदकों को फिर भरनी होगी चॉइस
जिन अभ्यर्थियों ने प्रथम चरण में पंजीयन, चॉइस फिलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन करा लिया था लेकिन कॉलेज आवंटित नहीं हुआ या आवंटित कॉलेज में प्रवेश नहीं लिया, उन्हें 18 से 22 जून तक पुनः चॉइस फिलिंग करना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन सत्यापन के बाद किसी त्रुटि की स्थिति में 23 जून 2026 तक हेल्प सेंटर पर उपस्थित होकर सुधार कराना आवश्यक रहेगा, अन्यथा प्रवेश मान्य नहीं होगा।
खेल के क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर
सरदार वल्लभभाई पटेल शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इम्तियाज मंसूरी ने बताया कि स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी बी.पी.एड. में प्रवेश लेकर खेल शिक्षक एवं प्रशिक्षक के रूप में शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। एम.एड. में प्रवेश के लिए बी.एड. या डी.एल.एड. एवं स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंकों की पात्रता निर्धारित है।
संपर्क हेतु हेल्प डेस्क उपलब्ध
प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शन और जानकारी के लिए संस्था स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9977289988 पर संपर्क किया जा सकता है।



