सेंधवा। शिव धाम में बच्चों के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस
देशभक्ति के नारों से गूंजा परिसर, अग्रवाल समाज महिला मंडल एवं बहू-बेटी मंडल ने ग्रामीण अंचल के बच्चों के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

सेंधवा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अग्रवाल समाज महिला मंडल एवं बहू-बेटी मंडल द्वारा सेंधवा से 4किलोमीटर दूर स्थित शिव धाम पहुंचकर ग्रामीण अंचल के बच्चों के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को देश की आजादी, लोकतंत्र और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि देश को आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। आजादी का अर्थ केवल बंधनों से मुक्त होना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के साथ-साथ देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना भी है। बच्चों को प्रजातंत्र के महत्व के बारे में बताते हुए कहा गया कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है।

तिरंगे के रंगों का बताया महत्व
महिला मंडल की सदस्यों ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के तीनों रंगों के महत्व की जानकारी भी दी। उन्हें बताया गया कि केसरिया रंग साहस और त्याग, सफेद रंग शांति एवं सत्य तथा हरा रंग समृद्धि और हरियाली का प्रतीक है। साथ ही तिरंगे के मध्य स्थित अशोक चक्र के महत्व के बारे में भी बच्चों को जानकारी दी गई। बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और सदैव राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना रखने का संदेश दिया गया।

देशभक्ति के नारों से गूंजा शिव धाम
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर महिला मंडल की सदस्यों के साथ “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “स्वतंत्रता दिवस अमर रहे” जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। महिला मंडल की सदस्यों ने बच्चों के साथ तिरंगा लेकर फोटो भी खिंचवाईं और स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।
बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना जरूरी : सपना गोयल
समाज अध्यक्ष सपना गोयल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गौरव का पर्व है। इस दिन हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना चाहिए, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का उद्देश्य उनके साथ खुशियां साझा करने के साथ ही उनमें राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें राष्ट्र के इतिहास, संविधान, लोकतंत्र तथा राष्ट्रीय प्रतीकों के महत्व की जानकारी देना आवश्यक है।
सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाया आजादी का पर्व : रितु गोयल
समाज सचिव रितु गोयल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। समाज के प्रत्येक वर्ग के बच्चों और परिवारों के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाने से आपसी अपनत्व और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को देश की आजादी के इतिहास और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना समाज की भी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। महिला मंडल एवं बहू-बेटी मंडल की सदस्यों ने बच्चों के साथ भोजन कर उनके साथ आत्मीय समय बिताया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज महिला मंडल एवं बहू-बेटी मंडल की पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य सहित समाज की महिलाएं मौजूद रहीं।



