खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा
60 घंटे खुले रहेंगे भिलट देव के पट, नागपंचमी पर लगेगा तीन दिवसीय मेला

जुलवानिया/बड़वानी; सतपुड़ा की वादियों में विराजमान आस्था के केंद्र भिलट देव नांगलवाड़ी मंदिर में रविवार से तीन दिवसीय मेले का आयोजन शुरू हो गया है। नागपंचमी और मुख्य दिवस के कारण इस बार मंदिर के पट लगातार 60 घंटे तक खुले रहेंगे।
मंदिर के पुजारी राजेंद्र बाबा ने बताया कि सोमवार को नागपंचमी पर्व और मंगलवार को मुख्य दिवस होने के कारण रविवार सुबह से लेकर मंगलवार शाम तक श्रद्धालु भिलट देव के दर्शन कर सकेंगे। शनिवार से ही दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगना शुरू हो गई है।

सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
मेले को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 1000 से अधिक पुलिस जवान और स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

भोजन और जलपान की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भोजन और जलपान के स्टॉल लगाए गए हैं। विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा प्रसादी, चाय और पानी की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।




