सेंधवा में स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान शिविर में 115 लोगों ने किया रक्तदान, 22 ने अंगदान-नेत्रदान का लिया संकल्प
सुभाषचंद्र बोस रक्तदान समिति और मानव सेवा समिति के संयुक्त आयोजन में लोगों ने किया रक्तदान

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। सुबह 11 से शाम 6 बजे तक चले शिविर में 115 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं 22 लोगों ने मरणोपरांत अंगदान और नेत्रदान के लिए फार्म भरे। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सेंधवा की सुभाषचंद्र बोस रक्तदान समिति और मानव सेवा समिति के संयुक्त आयोजन में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का उद्देश्य थैलेसीमिया, सिकलसेल पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के साथ राष्ट्रहित में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अंगदान और नेत्रदान के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।

अतिथियों ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
लायंस कम्युनिटी हॉल, किले अंदर में सुबह 11 बजे कार्यक्रम की शुरुआत हुई। नगरपालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, अग्रवाल समाज अध्यक्ष राजेन्द्र नरेडी और लायंस क्लब अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल ने भारत माता और सुभाषचंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर शाम 6 बजे तक चला।

115 लोगों ने किया रक्तदान
शिविर में कुल 115 लोगों ने रक्तदान किया। सावन मास के दौरान शहर के 8 पंडितों ने भी रक्तदान किया। वहीं शहर के जय श्री राम ग्रुप के 4 सदस्यों ने रक्तदान में सहभागिता की। रक्त संग्रहण के लिए मुकेश पटेल ब्लड बैंक, शिरपुर, जिला धुलिया, महाराष्ट्र से टीम पहुंची थी। आयोजकों की ओर से पुरुष रक्तदाताओं को हेलमेट और महिला रक्तदाताओं को 20 लीटर पानी का कैंपर भेंट किया गया।

22 लोगों ने भरे अंगदान-नेत्रदान के फार्म
नगरपालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने रक्तदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना दी और रक्तदान को मानवता के प्रति सेवा बताया। सुभाषचंद्र बोस रक्तदान समिति के अशोक राठौड़ और महेंद्र परिहार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का जश्न जरूरतमंद की जिंदगी बचाकर भी मनाया जा सकता है। मानव सेवा समिति के निलेश जैन ने बताया कि 22 लोगों ने मरणोपरांत अंगदान का संकल्प लेते हुए फार्म भरे। कार्यक्रम में नरेंद्र तायल, राजेश सोनी, पियूष दुबे, कैलाश अग्रवाल, अनीस शेख, अजय झवर, गिरवर शर्मा, राधेश्याम शर्मा, जगदीश शर्मा, रविन्द्र मंडलोई, अश्विन जैन, दुर्गा गुप्ता, नितिन वेनीपुरी, आशीष जैन, शिरीष दुबे, गिरधारी राठौड़, प्रिंस शर्मा, पंकज झवर, विकास नागराज, नितिन ठाकुर, सागर यादव, राजकुमार गुजराती, कालू रैकल, संजय पालीवाल, कुंदन भोसले, रूपेश कनासे, अल्ताफ शेख, सेफी सरकार, नीरज राठौड़, शंकर वासखले, आकाश राठौड़, राजू गुप्ता और हेमंत राठौड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




