खेतिया और पानसेमल में तिरंगा यात्रा का आयोजन, विधायक श्याम बरड़े की अगुवाई में उमड़ी बड़ी संख्या में भीड़
दोनों नगरों में तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजे प्रमुख मार्ग

रमन बोरखड़े। खेतिया-पानसेमल। खेतिया और पानसेमल में मंगलवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक श्याम बरड़े ने नेतृत्व किया। नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पानसेमल में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
खेतिया में कृषि उपज मंडी से शुरू हुई यात्रा
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार नगर पंचायत परिषद खेतिया के तत्वावधान में तिरंगा यात्रा कृषि उपज मंडी समिति परिसर से शुरू हुई। यात्रा में नागरिक, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, शिक्षक और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारों और गीतों के साथ सहभागिता की।

प्रमुख मार्गों से होते हुए रविंद्रनाथ टैगोर चौक पहुंची
खेतिया में यात्रा कृषि उपज मंडी समिति परिसर से प्रारंभ होकर गांधी चौक, सुभाष चौक और बैरियर चौराहा होते हुए रविंद्रनाथ टैगोर चौक पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति के नारे लगाए गए। क्षेत्रीय विधायक श्याम बरड़े ने यात्रा का नेतृत्व किया।

विधायक श्याम बरड़े ने राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया
विधायक श्याम बरड़े ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। सभी को एकजुट होकर देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन-जन की भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत होता है और सभी के सहयोग से देश विकास की ओर अग्रसर होता है।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी
खेतिया में नगर पंचायत अध्यक्ष दशरथ निकुम, सूर्यकांत ऐशिकर, नवीन मोरे, रोहित बोरसे, सचिन चौहान, राम सोनवणे, रामचंद्र सोनिस, कौशिक पटेल और श्याम हरसोला सहित पार्षदगण मौजूद रहे। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के नागरिक, भाजपा मंडल पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। नगर निरीक्षक पुष्पकरण मुवेल और अतिरिक्त तहसीलदार सुश्री प्रज्ञा पाटीदार सहित पुलिस प्रशासन एवं मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

पानसेमल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्यान से निकली यात्रा
पानसेमल में क्षेत्रीय विधायक श्याम बरड़े की अगुवाई में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्यान से हुआ। विधानसभा क्षेत्र के खेतिया, जालगोन एवं पानसेमल मंडल के भाजपा कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता, पंच-सरपंच, जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और नागरिक इसमें शामिल हुए। यात्रा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में पहुंचकर समाप्त हुई।

जयकारों के बीच नागरिकों ने किया पुष्पवर्षा से स्वागत
पानसेमल में यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “हम सब एक हैं”, “जय जवान, जय किसान” और “जय विज्ञान” के नारे लगाए गए। नगरवासियों ने मार्गों पर पहुंचकर यात्रा देखी। अनेक स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और वाहन रोककर यात्रा को मार्ग दिया।

पुलिस ने संभाली यातायात और सुरक्षा व्यवस्था
समापन अवसर पर विधायक श्याम बरड़े ने तिरंगे को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बताया। उन्होंने नागरिकों से आगामी 14 और 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। यात्रा के दौरान पुलिस जवानों ने विभिन्न स्थानों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, क्षेत्रवासी, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



