सेंधवा ईदगाह परिसर का सीमेंट कांक्रीटीकरण पूरा, बकरा ईद से पहले नमाजियों को मिलेगी राहत
ईदगाह कमेटी ने दो माह में पूरा किया कार्य, अब 25 हजार स्क्वेअर फीट क्षेत्र में नमाज अदा कर सकेंगे नमाजी।

जनोदय पंच। सेंधवा के घोड़ेशाह वली मदनी ईदगाह परिसर में बकरा ईद से पहले सीमेंट कांक्रीटीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष 12 हजार स्क्वेअर फीट हिस्से में कार्य पूर्ण होने के बाद अब पूरा ईदगाह परिसर 25 हजार स्क्वेअर फीट का हो गया है।
सेंधवा शहर की घोड़ेशाह वली मदनी ईदगाह कमेटी द्वारा नमाजियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो माह पूर्व ईदगाह परिसर में सीमेंट कांक्रीटीकरण कार्य शुरू कराया गया था। कमेटी के अनुसार बकरा ईद से पहले कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे समय पर पूरा कर लिया गया। इससे पहले वर्ष 2023 में परिसर के आधे हिस्से में सीमेंट कांक्रीटीकरण कराया गया था।

नमाजियों को मिलेगी सुविधा
पूर्व सदर साजिद खान भय्यू भाई ने बताया कि अब शेष हिस्से में भी सीमेंट कांक्रीटीकरण पूर्ण होने से 28 मई गुरूवार को ईद की नमाज के दौरान नमाजियों के पैरों में कंकड़-पत्थर नहीं चुभेंगे। बता दे मदनी ईदगाह में गुरूवार को सुबह 8 बजे नमाज अदा होगी। कमेटी के हाजी सफी मंसूरी, हाजी कल्लू मंसूरी, असलम भाई मैकेनिक, हाजी शकील पटेल, गनी भाई इंजीनियर, अस्पाक भाई मुंडा एवं रउफ भाई ने बताया कि पूरे परिसर में समतल एवं साफ जगह उपलब्ध हो सकेगी।

बड़ी संख्या में आने वाले नमाजियों को राहत
कमेटी से जुड़े हाजी मेहमूद शेख, अनवर ठेकेदार, अजमुददीन शेख एवं जाकीर कुरैशी ने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद बड़ी संख्या में आने वाले नमाजियों को नमाज अदा करने में सुविधा मिलेगी तथा पूरा परिसर व्यवस्थित और सुरक्षित रहेगा।



