बड़वाह। निर्मल विद्यापीठ ने जिले में पुनः प्रथम स्थान प्राप्त कर लहराया सफलता का परचम…

कपिल वर्मा बड़वाह। सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में निर्मल विद्यापीठ ने एक बार पुनः उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए जिले में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है।
विद्यालय का परिणाम न केवल विद्यार्थियों की मेहनत, बल्कि विद्यालय की सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन एवं सतत मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण बना है।
विद्यालय के जीव विज्ञान संकाय के प्रतिभाशाली छात्र कपीश नवीन मिश्रा ने 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा विद्यालय एवं नगर का नाम गौरवान्वित किया। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है।
वहीं वाणिज्य संकाय में छात्रा भूमि सचिन शर्मा ने 85.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त हिमांशु परमार ने 84.8 प्रतिशत एवं अनुश्री जैन ने 84.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की उत्कृष्ट परंपरा को आगे बढ़ाया तथा अपने अभिभावकों को गौरवान्वित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के संचालक प्रतीक जैन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता सतत परिश्रम, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक शिक्षण पद्धति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विगत वर्षों से निरंतर जिले में उत्कृष्ट परिणाम देता आया है और भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
विद्यालय के प्राचार्य आशीष झा एवं उप प्राचार्य सिम्मी शेख ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि निर्मल विद्यापीठ सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं श्रेष्ठ शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है। विद्यालय की अनुशासित एवं परिणामोन्मुखी शैक्षणिक प्रणाली ही लगातार जिले में उत्कृष्ट परिणामों का आधार रही है।


