सेंधवा में 15 नवंबर को शराब मुक्ति के लिए निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, जांच के साथ दवाइयां भी मिलेंगी
प्रेमसुख हॉस्पिटल के नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा आयोजन, आधार कार्ड और परिजन को साथ लाना अनिवार्य

सेंधवा। भारत नशा मुक्ति अभियान के तहत सेंधवा में शराब की लत से छुटकारा दिलाने के उद्देश्य से 15 नवंबर, रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड इन्वेस्टिगेशन एवं दवाई वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रेमसुख हॉस्पिटल द्वारा संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में किया जाएगा।
सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा शिविर
केंद्र के संचालक डॉ. एम.के. जैन ने बताया कि शिविर 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रेमसुख हॉस्पिटल, नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, संत विनोबा मार्ग सेंधवा में आयोजित होगा। शिविर में शराब की लत छोड़ने के इच्छुक लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड इन्वेस्टिगेशन और दवाइयों का वितरण किया जाएगा।
डॉ. जैन के अनुसार, केंद्र द्वारा पिछले कई महीनों से शराब मुक्ति के लिए लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पूर्व में आयोजित शिविरों में दवाइयां लेने वाले कई लोगों ने शराब का सेवन छोड़ दिया है और इसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं।
नई पीढ़ी को नशे से बचाना भी उद्देश्य
नशा मुक्ति शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त नशे की बुराई को कम करना और लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है। साथ ही जागरूकता अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी को नशे से दूर रहने के लिए समझाइश दी जा रही है। वर्तमान में विभिन्न प्रकार के नशे की आदतों का फैशन के रूप में बढ़ता चलन नई पीढ़ी के विकास में बाधा बनता जा रहा है।
आधार कार्ड और परिजन को साथ लाना होगा
शिविर में शराब की लत छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति को अपने साथ परिवार के किसी एक समझदार सदस्य को लाना होगा। इसके अलावा आधार कार्ड भी साथ रखना अनिवार्य है।



