सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा में त्योहारों से पहले पुलिस की सख्ती, पंडालों से शोभायात्रा तक सुरक्षा व्यवस्था के दिए स्पष्ट निर्देश

शांति समिति और उत्सव आयोजकों की बैठक में कानून-व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, सफाई, यातायात और ध्वनि नियंत्रण को लेकर निर्देश

सेंधवा में आगामी गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस और विसर्जन शोभायात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शांति समिति और आयोजकों की बैठक में पंडालों की सुरक्षा, सीसीटीवी, वालंटियर, विद्युत व्यवस्था, यातायात, सफाई और ध्वनि नियंत्रण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

सुरक्षित आयोजन और यातायात व्यवस्था पर जोर

सेंधवा (बड़वानी)। पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सेंधवा के मार्गदर्शन में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए थाना सेंधवा शहर पुलिस ने न्यू नगरपालिका सभागृह में शांति समिति एवं उत्सव आयोजकों की बैठक आयोजित की।

बैठक में तहसीलदार श्री हितेंद्र भवसार, थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह, नगर पालिका सीएमओ श्री मधु चौधरी और विद्युत मंडल (जेई) श्री कुशाग्र नीलकंठ मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री मोहन जोशी, पूर्व उपाध्यक्ष श्री अशोक चौधरी सहित शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाजों के प्रमुख तथा गणेश उत्सव समितियों के आयोजक उपस्थित रहे।

पंडालों में सीसीटीवी और 24 घंटे वालंटियर की तैनाती

बैठक में थाना प्रभारी एवं तहसीलदार द्वारा कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए गणेश पांडालों और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोजकों से कहा गया कि पांडाल सुरक्षित स्थान पर बनाए जाएं, जिससे आम यातायात बाधित न हो। पांडाल किसी भी स्थिति में विद्युत ट्रांसफॉर्मर या बिजली के पोल के पास नहीं होना चाहिए।

पांडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने और पुलिस चेकिंग रजिस्टर रखने के निर्देश दिए गए। आयोजक समितियों को अपने वालंटियर की सूची संबंधित थाने में जमा कराने के लिए कहा गया। रात्रि सुरक्षा के लिए पांडालों में 24 घंटे वालंटियर की उपस्थिति अनिवार्य रखने के निर्देश दिए गए।

विद्युत और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम जरूरी

आयोजकों को विद्युत विभाग से नियमानुसार अस्थाई कनेक्शन लेने और खुले तारों की सही टेपिंग कराने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक पांडाल में अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।

विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) को जुलूस मार्गों और पांडालों के आसपास लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

जुलूस मार्ग, सफाई और ध्वनि नियंत्रण पर निर्देश

नगर पालिका प्रशासन द्वारा विसर्जन स्थलों और जुलूस मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था का आश्वासन दिया गया। विसर्जन शोभायात्रा के लिए निर्धारित मार्गों का पालन करने और लाउडस्पीकर/डीजे के संबंध में शासकीय नियमों एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक या असामाजिक टिप्पणियां फैलाने वालों पर सख्त नजर रखने की बात कही। आमजन से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखने का भरोसा

बैठक के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों और आयोजकों ने सेंधवा की पारंपरिक गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखते हुए सभी पर्वों को आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ मनाने का भरोसा दिलाया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!