खरगोन में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की सबसे बड़ी सफलता – 3200 अवैध गांजे के पौधे बरामद, पहाड़ी इलाके में चल रहा था गांजे का गुप्त कारोबार, पुलिस ने उखाड़ फेंके लाखों के पौधे
थाना चौनपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत शेडो एरिया से 1 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा किया जब्त। कई घंटे चली कार्रवाई में तीन दर्जन पुलिसकर्मियों ने की मेहनत।

खरगोन। दिनेश गीते। खरगोन जिले में पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। थाना चौनपुर पुलिस ने शेडो एरिया में अवैध रूप से उगाए जा रहे 3200 गांजे के पौधे जब्त किए, जिनकी बाजार कीमत करीब 1.77 करोड़ रुपये बताई गई है।
खरगोन पुलिस ने नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चौनपुर क्षेत्र के शेडो एरिया (नो मोबाइल नेटवर्क जोन) के पहाड़ी इलाके में अवैध गांजे की खेती का खुलासा किया। यहां आरोपी द्वारा उगाए गए गांजे के करीब 3200 पौधों को पुलिस ने जब्त किया। प्रत्येक पौधे की औसत लंबाई लगभग 5 से 7 फीट थी, जिन्हें मौके पर उखाड़ने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
1.77 करोड़ का गांजा बरामद
जप्त गांजे के पौधों का कुल वजन 3551 किलो 240 ग्राम (35.51 क्विंटल) पाया गया। जब्तशुदा पौधों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 77 लाख 56 हजार 200 रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा किए गए इस अभियान ने जिले में अवैध नशे के कारोबार पर बड़ी चोट पहुंचाई है।

घंटों चली कार्रवाई
पुलिस टीम ने कठिन पहाड़ी रास्तों और बिना नेटवर्क वाले क्षेत्र में कई घंटों तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई में करीब तीन दर्जन पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया और अवैध गांजे के हरे पौधों को उखाड़कर जब्त किया। यह ऑपरेशन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थाना चौनपुर पुलिस की सक्रिय भूमिका में संचालित हुआ।




