सेंधवा में 15,100 दीपों से जगमगाया शहर, राजराजेश्वर मंदिर में ‘ॐ नमो नमो’ की भव्य रंगोली ने खींचा ध्यान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर के हर वार्ड और प्रमुख स्थानों पर हुआ दीप प्रज्ज्वलन

सेंधवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत सेंधवा नगर में विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं दीर्घायु की मंगलकामनाएं प्रेषित की गईं। नगर के प्रसिद्ध राजराजेश्वर मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किया गया, जहां 2100 दीप प्रज्ज्वलित कर आकर्षक रंगोली बनाई गई। दीपों के माध्यम से ‘ॐ’ एवं ‘नमो नमो’ की आकृति सजाई गई, जिससे मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा उठा।
पूरे नगर में जलाए 15,100 दीप
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा, समर्पण और जनसेवा के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पूरे नगर में कुल 15,100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। राजराजेश्वर मंदिर परिसर में विशेष रूप से बनाई गई रंगोली में दीपों के माध्यम से ‘ॐ’ एवं ‘नमो नमो’ की आकर्षक आकृति सजाई गई। सैकड़ों दीपों की रोशनी और रंगोली नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही।

हर वार्ड में जला ‘आशीर्वाद का दीया’
अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण एवं सुशासन को स्मरण करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया। नगर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इसके साथ ही नगर के प्रमुख स्थानों पर भी दीप जलाकर सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को अभिव्यक्त किया गया।

प्रमुख स्थानों पर भी हुआ दीप प्रज्ज्वलन
कार्यक्रम के दौरान श्यामप्रसाद मुखर्जी प्रतिमा, डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा, भवानी चौक एवं तिरंगा चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। नगर के अलग-अलग वार्डों में भी बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक दीप जलाए। राजराजेश्वर मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में दीपों की कतारों से बना वातावरण आकर्षक एवं भक्तिमय नजर आया।
भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने लिया हिस्सा
नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। इस अवसर पर भाजपा नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव, मोहन जोशी, संजय यादव, सहित पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस आयोजन में नगरवासियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की और दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के भाव को अभिव्यक्त किया।



