खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

सिलावद में सड़क हादसे रोकने की पहल, ब्लैक स्पॉट्स पर लगाए गए सुरक्षा बोर्ड, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर पुलिस की कार्रवाई, जागरूकता संदेशों से चालकों को किया सतर्क

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिलावद थाना क्षेत्र के खतरनाक मोड़ों और ब्लैक स्पॉट्स पर सड़क सुरक्षा अभियान शुरू।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के सिलावद थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स और खतरनाक मोड़ों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता बोर्ड एवं पोस्टर लगाए हैं। अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 6 जून 2026 को थाना सिलावद पुलिस ने थाना क्षेत्र के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स तथा खतरनाक और अंधे मोड़ों पर विशेष सड़क सुरक्षा बोर्ड एवं पोस्टर लगाए। थाना प्रभारी सिलावद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों, घाटियों और तीव्र मोड़ों पर ऐसे संकेतक स्थापित किए, जो दूर से ही वाहन चालकों का ध्यान आकर्षित करते हैं।

संदेशों के माध्यम से चालकों को किया जा रहा जागरूक

स्थापित किए गए बोर्डों और पोस्टरों पर “राहगीर योजना”, “दुर्घटना संभावित क्षेत्र”, “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें” तथा “वाहन धीमा चलाएं, अपना कीमती जीवन बचाएं” जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों से गुजरने वाले चालक पहले से सतर्क हो जाएं और अपने वाहन की गति नियंत्रित रखें। पुलिस के अनुसार ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों में अनजान मोड़ों पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में ये संकेतक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी चलेगा अभियान

सिलावद पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेगा। थाना क्षेत्र के अन्य संवेदनशील स्थानों, मुख्य चौराहों और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों का सर्वे कर वहां भी सड़क सुरक्षा संबंधी पोस्टर, रेडियम पट्टियां और जागरूकता सामग्री लगाई जाएगी। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!