सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा में नशामुक्त भारत सप्ताह के तहत युवाओं ने लिया संकल्प, जागरूकता कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणाम बताए

वीर बलिदानी ख्वाजा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को किया जागरूक

जनोदय पंच। नशामुक्त भारत सप्ताह के नवें दिन सेंधवा के वीर बलिदानी ख्वाजा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सातपुड़ा आदिवासी नशामुक्ति केंद्र, धवली के तत्वावधान में हुए आयोजन में विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों, जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।

नशामुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत वीर बलिदानी ख्वाजा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेंधवा में सातपुड़ा आदिवासी नशामुक्ति केंद्र, धवली द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए संकल्प लिया।

नशे के दुष्परिणामों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। काउंसलिंग के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को विस्तार से समझाया गया। वहीं पोस्टर प्रदर्शनी के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

विशेषज्ञों ने युवाओं को किया प्रेरित

नशामुक्त भारत अभियान के जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. कृष्णा भावले ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे से होने वाले मानसिक एवं शारीरिक रोगों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अभियान से जुड़कर समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। सातपुड़ा आदिवासी नशामुक्ति केंद्र, धवली के खुमसिंह चौहान ने कहा कि युवा नशे की ओर न जाकर परिवार का सहारा बनें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।

विभिन्न गतिविधियों से चल रहा जनजागरण अभियान

कार्यक्रम में म.प्र. जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक दारासिंह चौहान, मेंटोर डॉ. अनुपकुमार जमरे, कांतीलाल सेनानी, संध्या भावसार, महाविद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि 17 जून से 25 जून तक सातपुड़ा आदिवासी नशामुक्ति केंद्र, धवली द्वारा गांव-गांव और फलिया-फलिया में पोस्टर प्रदर्शनी, रैलियां, प्रतियोगिताएं, कार्यशालाएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान बड़वानी कलेक्टर जयंती सिंह के निर्देशन तथा जिला सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक रौनक सोलंकी के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!