बड़वानी के पिपलुद में युवक की मौत से उठा विवाद, परिजनों ने अवैध रेत खदान में हादसे का लगाया आरोप
बावनगजा निवासी 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के ग्राम पिपलुद में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला चर्चा में आ गया है। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मृतक के मिट्टी से सने शव को देखकर आरोप लगाया कि उसकी मौत अवैध रेत खदान में काम के दौरान खदान धंसने से हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बड़वानी जिले के ग्राम पिपलुद से जुड़े इस मामले में मृतक की पहचान बावनगजा निवासी बबलू (25) के रूप में हुई है। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि बबलू को मजदूरी के लिए ग्राम पिपलुद स्थित रेत खदान में ले जाया गया था। उनका कहना है कि रेत निकालने के दौरान मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वह मलबे में दब गया।
गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया
परिजनों के अनुसार, साथी मजदूर बबलू को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

जबरन मजदूरी का भी लगाया आरोप
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि बबलू को कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध भी मजदूरी के लिए ले जाया जाता था। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए अवैध रेत खनन और जबरन मजदूरी के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




