सेंधवा में जनविश्वास शिविर में पहुंचे आयोग अध्यक्ष आर्य, 593 आवेदनों का मौके पर निराकरण
मोहनपड़ावा क्लस्टर की 13 ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के हितलाभ और प्रमाण-पत्र वितरित

सेंधवा। आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग और लोक सेवाओं की समय-सीमा में प्रदायगी की समीक्षा के उद्देश्य से संपूर्ण प्रदेश में 7 अगस्त 2026 से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में बड़वानी जिले के सेंधवा विकासखंड स्थित शासकीय हाईस्कूल मोहनपड़ावा क्लस्टर की 13 ग्राम पंचायतों में शनिवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। क्षेत्र की 13 ग्राम पंचायतों में आयोजित इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोक सेवाओं से जुड़ी आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही पारदर्शी एवं त्वरित निराकरण करना रहा।

अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री अंतर सिंह आर्य ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। बड़वानी जिले में अभियान के तहत आयोजित शिविरों और त्वरित प्रशासनिक कार्यवाहियों से आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।

593 आवेदन हुए प्राप्त
सेंधवा के मोहनपड़ावा क्लस्टर शिविरों में कुल 593 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी, जाति प्रमाण-पत्र, फार्मर आईडी और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित आवेदन शामिल रहे। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया मौके पर ही की गई।
पात्र हितग्राहियों को बांटे गए हितलाभ और प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को फूड बास्केट, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र तथा आजीविका मिशन के अंतर्गत बीमा सखी व लखपति दीदी के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन तथा उन्नत खेती करने वाले 7 कृषकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



