सेंधवा

सेंधवा के त्रिवेणी चौक में व्यापारी के मकान की ऊपरी मंजिल पर लगी आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

रात करीब 9:20 बजे उठीं लपटें और धुआं देखकर घर से बाहर आए परिवार के सदस्य, नगर पालिका के दो फायर फाइटरों ने संभाला मोर्चा

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा के आजाद नुक्कड़ त्रिवेणी चौक इलाके में शुक्रवार रात एक मकान की ऊपरी मंजिल पर आग लग गई। लपटें और धुआं उठते देख परिवार के सदस्य बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई।

ऊपरी मंजिल से उठने लगीं लपटें

घटना व्यापारी रिंकेश तायल के मकान में रात करीब 9:20 बजे हुई। मकान की ऊपरी मंजिल से आग और धुआं निकलता देखकर परिवार के सदस्य घर से बाहर आ गए। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची मौके पर

सूचना मिलने पर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। शहर थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने बताया कि दो फायर फाइटरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। नगर पालिका और फायर विभाग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।

नुकसान का आकलन नहीं

घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग से मकान में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन नहीं हो सका है। आग लगने की वजह भी फिलहाल पता नहीं चल पाई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!