चाटली और निवाली में बिना पंजीयन चल रहे छह क्लीनिक सील, तहसीलदार और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई
मेडिकल डिग्री और नर्सिंग होम एक्ट के पंजीयन दस्तावेज नहीं दिखा सके संचालक, औचक निरीक्षण में मिली अनियमितताएं

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी जिले के निवाली ब्लॉक में बिना वैध मेडिकल डिग्री और जरूरी पंजीयन के संचालित छह क्लीनिकों को सील किया गया। चाटली और निवाली में तहसीलदार तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।
चाटली में तीन, निवाली में तीन क्लीनिक सील
कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश डांगी और नायब तहसीलदार अर्चना गिरवाल के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने जांच की। टीम में स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे। टीम ने पहले चाटली में क्लीनिकों का निरीक्षण किया, जहां अनियमितताएं मिलने पर तीन क्लीनिक सील किए गए। इसके बाद निवाली में तीन अन्य क्लीनिकों पर कार्रवाई की गई।
मेडिकल डिग्री और पंजीयन के दस्तावेज नहीं मिले
नायब तहसीलदार अर्चना गिरवाल ने बताया कि कुछ क्लीनिक बिना वैध मेडिकल डिग्री और जरूरी पंजीयन के संचालित हो रहे थे। संचालकों से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। नियमों का उल्लंघन मिलने पर क्लीनिक सील किए गए।

पंचनामा बनाकर की गई कार्रवाई
मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश डांगी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पंचनामा तैयार किया गया और सभी छह क्लीनिकों को सील कर दिया गया।



