बड़वानी-जुलवानिया एबी रोड पर गोवंश तस्करी का नया तरीका, कार में पैर-मुंह बंधे चार गोवंश मिले
बालसमुद्र आरटीओ बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार जब्त की, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

जनोदय पंच। बड़वानी-जुलवानिया एबी रोड पर गोवंश तस्करी का मामला सामने आया है। बालसमुद्र चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान कार में पैर और मुंह बंधे चार गोवंश मिले। पुलिस ने वाहन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
बड़वानी-जुलवानिया एबी रोड पर गोवंश का अवैध परिवहन लगातार जारी होने की बात सामने आ रही है। रविवार देर रात आरटीओ बैरियर बालसमुद्र चेक पोस्ट पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाहन क्रमांक MP 09 BC 4145 की जांच की गई। कार के अंदर पैर और मुंह बंधे हुए चार गोवंश ठूंस-ठूंसकर भरे मिले।


पुलिस ने वाहन जब्त कर गोवंश को कराया मुक्त
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार को जब्त कर पुलिस चौकी बालसमुद्र पहुंचाया। पुलिस ने वाहन में मिले चारों गोवंश को मुक्त कराया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गोवंश तस्करी की सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता पुलिस चौकी बालसमुद्र पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मामले को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। वाहन के विरुद्ध मध्यप्रदेश गोवंश प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। बताया जा रहा है कि चारों गोवंश को शिवपुरी से महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



