खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेशिक्षा-रोजगार

बड़वानी के आदर्श महाविद्यालय में नशा मुक्त युवा संवाद मेला, नुक्कड़ नाटक और शपथ के जरिए युवाओं को किया जागरूक

100 सप्ताह अभियान के तहत व्याख्यान, हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी पॉइंट के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश, युवाओं को स्वस्थ एवं सशक्त भारत निर्माण के लिए किया प्रेरित

जनोदय पंच। बड़वानी के शासकीय आदर्श महाविद्यालय में नशा मुक्त युवा संवाद मेले के तहत जागरूकता व्याख्यान, नुक्कड़ नाटक, शपथ, हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी पॉइंट के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

युवा शक्ति को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण के उद्देश्य से शासकीय आदर्श महाविद्यालय, बड़वानी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना निदेशालय, नई दिल्ली, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नशा मुक्त युवा-युवा संवाद मेला—100 सप्ताह अभियान’ के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता व्याख्यान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प पत्र पढ़कर शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।

नशे के दुष्परिणामों की दी जानकारी:

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला अस्पताल बड़वानी के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल पाटीदार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे से दूरी और स्वस्थ जीवन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने नशे के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में बताया।

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नशे से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में उचित चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता एवं सकारात्मक सोच नशा मुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

नुक्कड़ नाटक से दिखाए नशे के नुकसान:

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत ‘युवा नशे की संगति’ विषय पर नुक्कड़ नाटक रहा। रासेयो स्वयंसेवक सीमा अलावा, गुड्डू कलेश, शीतल बैंडोड, घिसा लाल अलावा एवं दीपक मोरे ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से युवाओं पर गलत संगति के प्रभाव तथा नशे से होने वाले पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत नुकसान को दर्शाया।

हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी पॉइंट बना आकर्षण:

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हस्ताक्षर अभियान में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं, नशा मुक्ति जागरूकता सेल्फी पॉइंट के माध्यम से युवाओं ने समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक रहने और नशा मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की प्रेरणा दी।

प्राध्यापक और विद्यार्थी रहे उपस्थित:

कार्यक्रम का संयोजन रासेयो कार्यक्रम अधिकारी प्रो. आर.आर. मुवेल ने किया। संचालन करियर सेल के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल पाटीदार ने किया तथा आभार डॉ. दिनेश कुमार पाटीदार ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बी.एस. मुजाल्दा, डॉ. सुनीता सोलंकी, डॉ. आकाश एस्के, डॉ. रेवाराम मंडलोई, डॉ. डी.आर. मुजाल्दा सहित समस्त स्टाफ सदस्य, बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!