खरगोन-बड़वानी

बड़वानी के एमजी रोड पर कपड़े की दुकान में आधी रात लगी भीषण आग, 10 लाख तक का सामान जलकर खाक

रेडीमेड कपड़े और साड़ियों को भारी नुकसान, फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पाया काबू

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी शहर के एमजी रोड पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक कपड़े की दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का सामान जल गया। आग से रेडीमेड कपड़े, साड़ियां और अन्य सामग्री नष्ट हो गई। नुकसान का अनुमान 8 से 10 लाख रुपए लगाया गया है।

रात 12:30 बजे के करीब लगी आग

जानकारी के अनुसार कैलाश चंद्र गोरधन दास गुप्ता की दुकान में रात करीब 12:15 से 12:30 बजे के बीच आग लगी। दुकान संचालक के परिजनों ने आतिशबाजी को आग लगने की संभावित वजह बताया है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के व्यापारी और रहवासी मौके पर पहुंचे।

फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही नगरपालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इस दौरान व्यापारियों और नागरिकों ने दुकान से सामान बाहर निकालने में भी मदद की। सामूहिक प्रयासों से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

पार्षद और पुलिस अधिकारी भी पहुंचे मौके पर

घटनास्थल पर पार्षद सचिन शर्मा, अमित उपाध्याय और पत्रकार आदित्य शर्मा पहुंचे तथा राहत कार्य में सहयोग किया। थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड के पायलट सचिन ऊंटवाल और एमपीईबी के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने और स्थिति नियंत्रित करने में सहयोग किया।

आतिशबाजी से आगजनी की घटनाओं पर जताई चिंता

दुकान संचालक के परिजनों ने आतिशबाजी से आगजनी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!