खरगोन-बड़वानी

पानसेमल में गोवर्धन पूजा पर पशुपालकों का सम्मान, विधायक श्याम बरडे बोले- गौवंश संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

ओसवाड़ा के चिखल्दा गौशाला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किया पूजन-अर्चन, श्वेत क्रांति 2.0 और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की योजनाओं पर रखी बात

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौवंश संरक्षण, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों का सम्मान किया गया। साथ ही दुग्ध सहकारी समितियों के विस्तार, देशी नस्लों के संरक्षण और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल पर चर्चा हुई।

चिखल्दा गौशाला में हुआ राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम

पानसेमल विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ओसवाड़ा के चिखल्दा स्थित गौशाला में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में विधायक श्याम बरडे शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गोवर्धन और गौमाता का पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील पशुपालकों और गौपालकों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

श्वेत क्रांति 2.0 से बढ़ेंगे दुग्ध उत्पादन और रोजगार के अवसर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्याम बरडे ने कहा कि मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसमें किसानों, पशुपालकों और गौपालकों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्वेत क्रांति 2.0 पहल का उद्देश्य दुग्ध सहकारी समितियों का विस्तार, दूध संग्रहण और विपणन व्यवस्था बेहतर करना, ग्रामीण रोजगार बढ़ाना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूध संग्रहण क्षमता को प्रतिदिन 12 लाख किलोग्राम से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम करने और मध्यप्रदेश को देश की दुग्ध राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है।

देशी नस्लों के संरक्षण और आधुनिक पशुपालन पर जोर

विधायक ने कहा कि गौशालाओं को आर्थिक सहायता, उन्नत नस्ल के पशुओं को प्रोत्साहन और पशुपालकों का सम्मान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने किसानों और पशुपालकों से आधुनिक पशुपालन तकनीक अपनाने तथा देशी नस्लों के संरक्षण और संवर्धन पर ध्यान देने की अपील की।

उन्होंने राष्ट्रीय गोकुल मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से देशी नस्लों के संरक्षण और पशुओं की उत्पादकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गोवंश संरक्षण धार्मिक दायित्व के साथ सामाजिक और आर्थिक जिम्मेदारी भी है।

जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शितोले, मंडल अध्यक्ष चन्द्रकांत महाजन, गोविन्द जोशी, सरपंच अमरसिंह बरडे, उपसरपंच संदीप माली, विक्की सिरसाठ, दिनेश जाधव और श्यामराव बोरसे सहित प्रशासनिक अधिकारी, गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गौभक्त एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

अंत में विधायक श्याम बरडे ने भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता से पानसेमल विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे मध्यप्रदेश में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने किसानों और पशुपालकों की निरंतर उन्नति की प्रार्थना की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!