इंदौर

इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में भीषण आग, चार से पांच बसें जलकर खाक; आई-बस समेत कई बसें थीं खड़ी

रात करीब 2 बजे कचरे में लगी आग हवा के कारण बसों तक पहुंची, फायर ब्रिगेड ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

जनोदय पंच। इंदौर। एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में बुधवार रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से चार से पांच चार्टर्ड बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के समय डिपो परिसर में आई-बस सहित कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। आग फैलने की आशंका से मौके पर हड़कंप मच गया।

कचरे में लगी आग बसों तक पहुंची

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, डिपो परिसर के पास पड़े कचरे में अचानक आग लगी थी। हवा चलने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं और पास खड़ी बसों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चार से पांच बसें इसकी चपेट में आ गईं।

अन्य बसों को सुरक्षित हटवाया

आग लगने के बाद डिपो कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हादसे के वक्त परिसर में आई-बस और चार्टर्ड की कई अन्य बसें खड़ी थीं। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए उन्हें सुरक्षित दूरी पर हटवाया गया, ताकि आग दूसरी बसों तक न पहुंचे।

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे तक पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। इस दौरान आग को अन्य बसों तक फैलने से रोकने के प्रयास किए गए। आग बुझने के बाद जली हुई बसों से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!