खरगोन-बड़वानीसेंधवा

सेंधवा विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का विमोचन

सेंधवा। आज सेंधवा विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का विमोचन किया गया।

विधायक कार्यालय प्रभारी अमित डूडवे ने बताया कि श्रीमती सोनिया गांधी की यह बहुचर्चित पुस्तक इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह पुस्तक उनके जीवन के व्यक्तिगत, पारिवारिक और राजनीतिक सफर को बेहद संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करती है।

इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने इटली में अपने बचपन से लेकर भारत आगमन, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी से मुलाकात एवं विवाह, गांधी परिवार के साथ बिताए जीवन, जीवन में आए संघर्षों और अपनों को खोने के गहरे दुखों का उल्लेख किया है। साथ ही भारतीय राजनीति में उनकी भूमिका, कांग्रेस संगठन में उनके लंबे नेतृत्व और देश की बदलती राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के अनुभवों को भी साझा किया है।

यह पुस्तक केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व की जीवनगाथा नहीं, बल्कि प्रेम, समर्पण, संघर्ष, त्याग, जिम्मेदारी और भारत के प्रति उनके जुड़ाव की एक भावनात्मक यात्रा है। यह पाठकों को सोनिया गांधी जी के जीवन के उन पहलुओं से परिचित कराती है, जिन्हें उन्होंने लंबे समय तक निजी रखा।

यह पुस्तक सेंधवा विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर उपलब्ध रहेगी। इच्छुक कांग्रेसजन, युवा साथी एवं आम नागरिक कार्यालय पहुंचकर इस पुस्तक को पढ़ सकते हैं और सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष एवं विचारों को करीब से जान सकते हैं।

पुस्तक विमोचन के अवसर पर सेंधवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजेंद्र गाड़वे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री इकबाल शाह, पंधाना प्रभारी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता व पार्षद श्री हरचरण सिंह भाटिया, विधायक कार्यालय प्रभारी अमित डुडवे, सह प्रभारी हीरा पटेल, मीडिया प्रभारी श्री नीलू अवाया एवं दीपक डावर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने पुस्तक के माध्यम से सोनिया गांधी के जीवन संघर्ष, विचारों और देश के प्रति उनके समर्पण को जानने एवं समझने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!