सेंधवा। आंबापानी तालाब; किसानों को 10 लाख रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग, विधायक मोंटू सोलंकी ने अधिकारियों के साथ किया डूब क्षेत्र का निरीक्षण
300 से अधिक ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई बैठक, विधायक ने तालाब निर्माण का नक्शा एवं क्च्त् बारीकी से देखा; पर्याप्त मुआवजा, लंबित पट्टे और पुनर्वास की रखी मांग

जनोदय पंच। सेंधवा। सोनखेड़ी के आंबापानी तालाब निर्माण से डूब में आने वाली किसानों की जमीन के मुआवजे, लंबित वन अधिकार पट्टों एवं पुनर्वास की मांग को लेकर आज सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी जल संसाधन विभाग, राजस्व विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ आंबापानी पहुंचे। इस दौरान 300 से अधिक ग्रामीणों की उपस्थिति में बैठक आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं एवं ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में किसानों ने एक स्वर में कहा कि कम मुआवजा स्वीकार नहीं करेंगे।
विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने अधिकारियों के समक्ष किसानों का पक्ष रखते हुए मांग की कि ग्राम सभा की गाइडलाइन के अनुसार डूब में आने वाली जमीन का मुआवजा 10 लाख रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा मिलना चाहिए तथा इसके लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर शासन-प्रशासन को भेजा जाए।
बैठक के दौरान विधायक श्री सोलंकी ने तालाब निर्माण से संबंधित नक्शे एवं डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से तालाब की प्रस्तावित संरचना, डूब क्षेत्र की सीमा और प्रभावित होने वाली कृषि भूमि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद विधायक ने ग्रामीणों एवं अधिकारियों के साथ तालाब क्षेत्र का निरीक्षण भी किया और यह देखा कि तालाब का पानी कहां तक पहुंचेगा तथा कितनी जमीन डूब क्षेत्र में आएगी।
विधायक ने आंबापानी के 28 प्रभावित किसानों की जमीन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि किसी किसान के पास अनुमानित 10 एकड़ जमीन है, जिसमें से 6 एकड़ का पट्टा बन चुका है और 4 एकड़ का पट्टा अब तक नहीं बना है, तो शेष 4 एकड़ जमीन का भी पट्टा तत्काल बनाया जाए। जिन किसानों के वन अधिकार पट्टे अब तक नहीं बने हैं, उनके सभी लंबित पट्टे शीघ्र तैयार कर वितरित किए जाएं।

बैठक में किसानों ने बताया कि पट्टे बनवाने के लिए 10-10 बार आवेदन करने के बावजूद आज तक पट्टे नहीं बनाए गए। इस पर विधायक श्री सोलंकी ने अधिकारियों से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और पात्र किसानों को उनके अधिकार दिलाने की बात कही।
विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने स्पष्ट कहा कि हम तालाब निर्माण के विरोध में नहीं हैं, हम चाहते हैं कि तालाब बने, लेकिन किसानों को उनका पूरा अधिकार और पर्याप्त मुआवजा मिलना चाहिए। ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर एक एकड़ जमीन का मुआवजा 10 लाख रुपये निर्धारित करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुआवजे की राशि किसानों के खातों में पहुंचने के अगले ही दिन तालाब निर्माण का काम शुरू हो सकता है।

विधायक ने यह भी मांग की कि जिन किसानों की जमीन तालाब में डूब रही है, उन्हें मुआवजे के साथ दूसरी जगह जमीन आवंटित कर पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। किसानों के पट्टे बनाए जाएं और उनकी जमीन के अधिकार सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन, उनके अधिकार और उनके भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। शासन-प्रशासन को किसानों की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करनी होगी। पर्याप्त मुआवजा, लंबित पट्टों का वितरण और पुनर्वास सुनिश्चित करना आवश्यक है।
बैठक में वरला तहसीलदार, वरला वन विभाग के डिप्टी रेंजर एवं बीट गार्ड, सोनखेड़ी सरपंच, धवली सरपंच श्री दिलीप तरोले, धवली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक चौहान, ग्राम सभा (पेसा एक्ट) के अध्यक्ष श्री भायला पटेल, श्री टेपा पटेल, श्री छतरसिंह ठाकुर, श्री विजय सोलंकी, श्री पेमा भादले, श्री विजय ठाकुर, श्री भारतसिंह डावर एवं श्री मोहन बड़ोले सहित 300 से अधिक ग्रामीण, किसान एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।



