मालवा-निमाड़

सेंधवा की सुभाष चंद्र बोस रक्तदान समिति को महाराष्ट्र में मिलेगा राष्ट्रीय रक्तदूत अवार्ड

35 वर्षों से रक्तदान और जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने में योगदान, दुर्लभ बॉम्बे ब्लड ग्रुप की व्यवस्था में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, देशभर में जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने और जनजागृति के प्रयासों के लिए सेंधवा की सुभाष चंद्र बोस रक्तदान समिति को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। महाराष्ट्र के सांगली जिले के तासगांव में 30 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में समिति को राष्ट्रीय रक्तदूत अवार्ड प्रदान किया जाएगा।

देशभर में रक्त उपलब्ध कराने के प्रयासों को सम्मान

समिति के सदस्य अशोक राठौर ने बताया कि महाराष्ट्र के सांगली-तासगांव की बॉम्बे ब्लड ग्रुप ऑर्गेनाइजेशन द्वारा मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की सुभाष चंद्र बोस रक्तदान समिति सेंधवा को राष्ट्रीय रक्तदूत अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। समिति को यह सम्मान देश के विभिन्न राज्यों में रक्त की आवश्यकता पूरी करने, रक्तदान शिविर आयोजित करने और रक्तदान के प्रति जनजागृति लाने के प्रयासों के लिए दिया जा रहा है। 30 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से रक्तदूत शामिल होंगे। विशेष रूप से दुनिया के दुर्लभ बॉम्बे ब्लड ग्रुप के रक्तदाता भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे।

दुर्लभ बॉम्बे ब्लड ग्रुप की व्यवस्था में समिति की भूमिका

अशोक राठौर ने बताया कि बॉम्बे ब्लड ग्रुप की खोज वर्ष 1956 में मुंबई के केईएम अस्पताल में हुई थी। एक व्यक्ति का रक्त किसी भी सामान्य ब्लड ग्रुप से मेल नहीं खा रहा था। जांच के दौरान उसके रक्त में विशेष एंटीजन की अनुपस्थिति सामने आई। इसके बाद इस दुर्लभ रक्त समूह को बॉम्बे ब्लड ग्रुप नाम दिया गया। इस ब्लड ग्रुप के रक्तदाताओं की संख्या को लेकर किए गए आकलन के अनुसार, भारत में अब तक लगभग 300 रक्तदाताओं का ही पता चल सका है। इसी दुर्लभ ब्लड ग्रुप से जुड़ी संस्था बॉम्बे ब्लड ग्रुप ऑर्गेनाइजेशन के संस्थापक विक्रम यादव विश्राम यादव कोल्हापुर-सांगली के निवासी हैं और स्वयं भी इसी ब्लड ग्रुप के रक्तदाता हैं। उनकी संस्था रक्तदान के क्षेत्र में कार्य करती है।

35 वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय समिति

सुभाष चंद्र बोस रक्तदान समिति पिछले 35 वर्षों से रक्त की आवश्यकता पूरी करने में सहयोग कर रही है। समिति सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने तथा रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करती है।

समिति ने अपने प्रयासों से गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और पंजाब में दुर्लभ बॉम्बे ब्लड ग्रुप के रक्त की व्यवस्था कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समिति को पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल द्वारा वर्ष 2016 में भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा समिति को कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। दो दिन पहले ही इंदौर में सबरंग परिवार के संगीत संध्या आयोजन में अनीस शेख ने समिति को सम्मानित किया था।

समिति सदस्यों में हर्ष

राष्ट्रीय रक्तदूत अवार्ड मिलने की जानकारी से समिति के सदस्यों में हर्ष का माहौल है। समिति के प्रेरणास्रोत एवं प्रमुख अजय झंवर, अजय मित्तल, राजेंद्र रघुवंशी, दिव्यम खेड़े, आलोक ठक्कर, अनीश शेख, तनिश यादव, अजित जैन, नीलेश जैन, महेंद्र परिहार, डॉ. विकास नागराज, प्रमोद सैनी, समीर शेख, अल्ताफ शेख, फरीद खान, बलराम राठौर, आकाश राठौर, हेमंत राठौर, सागर यादव, नितिन ठाकुर, सैफी सरकार, भीमसिंह डावर, राजकुमार गुजराती, ललित जाधव, लता मेहता, नारायण सोनी, अंकित तायल, गोपाल ठाकुर, शिवम राठौर और नीरज राठौर सहित समस्त समिति सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!