खरगोन-बड़वानी
बड़वानी। 10 साल के बच्चे को 15-20 कुत्तों ने घेरा, कई जगह काटा
न्यू हाउसिंग बोर्ड में घटना से रहवासियों में नाराजगी, नगर पालिका से आवारा कुत्तों को पकड़ने और स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की मांग

जनोदय पंच। बड़वानी। शहर के पनवाड़ी क्षेत्र स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड में सोमवार शाम आवारा कुत्तों के झुंड ने 10 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। महात्मा गांधी स्कूल के सामने से घर लौट रहे ओम ठाकरे को 15 से 20 कुत्तों ने घेर लिया और शरीर पर दो से तीन जगह काट लिया। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उसे कुत्तों से बचाया।
प्रत्यक्षदर्शी अब्दुल रशीद मंसूरी के अनुसार, इलाके में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। रहवासियों का कहना है कि सड़कों पर कुत्तों के झुंड घूमने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो रहा है। बाइक सवारों के पीछे दौड़ने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद नगर पालिका ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अभिभावकों ने स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों ने नगर पालिका से आवारा कुत्तों को पकड़ने, नसबंदी अभियान चलाने और स्कूलों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।



