सेंधवाधर्म-ज्योतिष, समाज

सेंधवा के धावड़ा चाचरिया में गोपाल कृष्ण महाराज ने जनजातीय समाज के गौरव, संस्कृति और स्वाभिमान का किया स्मरण

श्रीराम कथा में टंट्या मामा भील के बलिदान और धर्मनिष्ठा का किया उल्लेख, जनजातीय समाज से अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का किया आह्वान

जनोदय पंच। सेंधवा। माँ नर्मदा सेवा प्रकल्प के अंतर्गत माँ गोई नदी के उद्गम स्थल धावड़ा चाचरिया में आयोजित तीन दिवसीय श्रीराम कथा के द्वितीय दिवस पर राष्ट्रीय संत गोपाल कृष्ण महाराज ने जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, सनातन संस्कृति और राष्ट्र के प्रति योगदान पर विचार रखे। उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों के माध्यम से सामाजिक समरसता, जनजातीय महापुरुषों के बलिदान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।

वनवासी समाज के योगदान का किया उल्लेख

महाराज ने कहा कि जनजातीय समाज कोई साधारण समाज नहीं, बल्कि आदि-अनादि काल से अपनी परंपराओं, संस्कृति, प्रकृति और सनातन जीवन मूल्यों को संजोकर रखने वाला समाज है। भगवान श्रीराम के वनवास प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने निषादराज के निष्काम प्रेम और माता शबरी की अनन्य भक्ति को सामाजिक समरसता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने वन-वन जाकर समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनाया। प्रभु के दरबार में जाति, वर्ग, धन और वैभव का नहीं, बल्कि निर्मल हृदय और सच्ची भक्ति का महत्व है।

महाराज ने कहा कि जनजातीय समाज के रोम-रोम में भगवान श्रीराम बसे हैं। गांवों में हनुमान जी की स्थापना, देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा, कुलदेवी की आराधना, प्रकृति पूजा और अभिवादन में राम-राम कहना इसकी सनातन आस्था का परिचायक है। माता कैकेयी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वनवास के कारण ही भगवान श्रीराम को वनवासी समाज के बीच जाने और माता शबरी तथा निषादराज को दर्शन देने का अवसर मिला। इसी भाव से जनजातीय समाज माता कैकेयी के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त करता है।

टंट्या मामा के स्वाभिमान और धर्मनिष्ठा का किया स्मरण

महाराज ने जनजातीय क्रांतिकारी टंट्या मामा भील के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि वे केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि समाज के स्वाभिमान, धर्म और संस्कृति के प्रतीक थे। उन्होंने बताया कि अंग्रेजों ने टंट्या मामा को 18 गांवों की जागीर देने का प्रलोभन दिया और धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अपनी आस्था, स्वाभिमान और मूल पहचान से समझौता नहीं किया।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा भील सहित जनजातीय समाज के अनेक वीरों और क्रांतिकारियों के योगदान को याद किया। महाराज ने कहा कि इन महापुरुषों ने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान से परिचित होकर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए।

संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का किया आह्वान

महाराज ने जनजातीय समाज से अपनी मूल संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक पहचान को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। धर्मांतरण के विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार के प्रलोभनों और बाहरी प्रभावों के बीच समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को पहचानना चाहिए। हमारी परंपराएं, देवी-देवता, आराध्य, पूर्वजों की मान्यताएं और जीवन पद्धति अमूल्य धरोहर हैं। इनका सम्मान करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना प्रत्येक पीढ़ी का दायित्व है।

जल, जंगल और प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

श्रीराम कथा के माध्यम से महाराज ने माँ नर्मदा और उनकी सहायक नदियों के संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि नदियां केवल जलधारा नहीं, बल्कि संस्कृति, सभ्यता और जीवन का आधार हैं। माँ नर्मदा को अविरल और निर्मल बनाए रखने के लिए उनकी सहायक नदियों, जलस्रोतों, जंगलों और प्राकृतिक संपदा का संरक्षण आवश्यक है।

माँ गोई नदी के उद्गम स्थल पर आयोजित यह आयोजन धार्मिक अनुष्ठान के साथ जल संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना का माध्यम भी बन रहा है। उन्होंने प्रकृति के साथ जनजातीय समाज के पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की आवश्यकता बताई।

पुजारा बाबा के मार्गदर्शन में ग्रामीणों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

तीन दिवसीय श्रीराम कथा की रूपरेखा में गांव के प्रमुख पुजारा बाबा का निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। ग्रामीणजनों, युवाओं, मातृशक्ति और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सामूहिक सहभागिता से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। जनपद सदस्य प्रतिनिधि राकेश सोलंकी ने गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को कथा का निमंत्रण दिया तथा आयोजन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन भी राकेश सोलंकी ने किया।

द्वितीय दिवस की कथा के समापन पर धावड़ा चाचरिया में सत्य सनातन धर्म की जय, भारत माता की जय, भगवान बिरसा मुंडा की जय, माँ नर्मदा मैया की जय, माँ गंगा मैया की जय, रानी काजल माता की जय और कुलदेवी घिनचरी माता की जय के जयघोष गूंज उठे। कार्यक्रम में पुजारा बाबा, मातृशक्ति, युवा साथी, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मप्रेमी नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!