कार्तिक पूर्णिमा पर शत्रुंजय श्री पट की आराधना, 108 खमासणा अर्पित कर की गई आरती
श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ में धार्मिक आयोजन, मोमाया परिवार ने लिया मंगलदीप आरती का लाभ, चातुर्मास की पूर्णाहुति पर साधु-साध्वियों की विहार यात्रा होगी शुरू

जनोदय पंच। सेंधवा। श्वेतांबर मूर्ति पूजक संघ में कार्तिक पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री शत्रुंजय श्री पट के समक्ष 108 खमासणा का आयोजन किया गया। इसके पश्चात पट की आरती और मंगलदीप आरती की गई। मंगलदीप आरती का लाभ श्री प्रवीणचंद दामजीभाई मोमाया परिवार ने लिया। आयोजन के बाद श्री संघ की ओर से प्रसादी वितरित की गई।
समाज के मीडिया प्रभारी नीलेश जैन ने बताया कि जैन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन जैन मंदिरों में 108 खमासणा देने की विशेष धार्मिक क्रिया की जाती है। खमासणा का अर्थ क्षमा-याचना और वंदना करना है। इसमें दोनों हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर भगवान तथा गुरु को नमन किया जाता है। मान्यता है कि 108 खमासणा करने से 108 प्रकार के कर्मों की निर्जरा होती है। इससे मन में नम्रता आती है और आत्मा की शुद्धि होती है।
चातुर्मास की पूर्णाहुति का विशेष महत्व
कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही चातुर्मास की पूर्णाहुति होती है। चार महीने तक एक स्थान पर विराजमान रहने वाले साधु-साध्वियां इसके बाद पुनः विहार यात्रा शुरू करते हैं। इसी अवसर पर पवित्र जैन तीर्थ पालिताना शत्रुंजय गिरिराज की यात्रा भी फिर से शुरू होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन द्राविड़-वारिखिल्ल मुनि 10 करोड़ मुनियों के साथ मोक्ष गए थे।

समाजजनों की रही उपस्थिति
इस धार्मिक आयोजन में श्वेतांबर मूर्ति पूजक जैन संघ के कोषाध्यक्ष अशोक जैन, हर्षित मोमाया, जश नागड़ा, हियान खोना, विराज शाह, कशिश मोमाया, अक्षिता मोमाया, सुहाना मोमाया, प्रिशा मोमाया और अयाना खोना सहित आदिनाथ महिला मंडल तथा प्रेरणा बहु मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।



