
जनोदय पंच। सेंधवा। अस्पताल के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। खरगोन जिले से पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
सेंधवा शहर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
अस्पताल के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को फरियादी सुनील पिता कैलाश बडोले, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम पानवा, थाना नागलवाड़ी, एक बीमार व्यक्ति को दिखाने के लिए आनंदम हॉस्पिटल, पुराना एबी रोड सेंधवा गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल अस्पताल के सामने खड़ी की और अंदर चला गया। कुछ समय बाद बाहर आने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली।
इस संबंध में फरियादी ने 19 मई 2026 को थाना सेंधवा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 153/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनके आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
खरगोन जिले से आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुनील पिता हिंगलाल, जाति बारेला, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम बरूड, जिला खरगोन को बोबलवाड़ी फाटा, खरगोन से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल विधिवत जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस टीम की रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, उपनिरीक्षक तोताराम धारसे, प्रधान आरक्षक सतीष पाटीदार एवं प्रधान आरक्षक आशाराम वास्कले की भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।



