खरगोन-बड़वानीसेंधवा

नागलवाड़ी सिंचाई परियोजना से परेशान किसानों ने उठाई अतिरिक्त पंप लगाने की मांग, बाला बच्चन को सौंपा ज्ञापन

दो साल से पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप, विधायक ने अधिकारियों से चर्चा और विधानसभा सत्र में मुद्दा उठाने का दिया आश्वासन

जनोदय पंच। सेंधवा। नागलवाड़ी नर्मदा उद्वहन सिंचाई परियोजना में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं से परेशान किसानों ने अब समाधान की मांग तेज कर दी है। किसानों ने परियोजना की खामियां दूर करने और अतिरिक्त पंप लगाने की मांग को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बाला बच्चन को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण खेती प्रभावित हो रही है।

पाइपलाइन में खराबी से सिंचाई प्रभावित

किसानों ने बताया कि पाइपलाइन फूटने, तकनीकी खराबी और अन्य समस्याओं के कारण परियोजना बार-बार बंद हो जाती है। सिंचाई के लिए सबसे अधिक जरूरत के समय पानी की आपूर्ति रुकने से फसलों पर असर पड़ रहा है। किसानों के अनुसार, समय पर पानी नहीं मिलने से फसल सूखने की स्थिति बनती है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

दो साल से समस्या, कई किसानों ने नहीं की बोवनी

किसान महेश गेहलोत ने बताया कि परियोजना में बार-बार तकनीकी खराबी आने से किसान परेशान हैं। पिछले दो वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि अभी तक पानी भी नहीं छोड़ा गया है। पानी की उपलब्धता नहीं होने के कारण कई किसानों ने इस बार फसल की बोवनी तक नहीं की है।

शिखर धाम मंदिर के पास अतिरिक्त पंप लगाने की मांग

किसानों ने शिखर धाम मंदिर गार्डन के पास अतिरिक्त पंप स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे आसपास के किसानों को नियमित रूप से पानी मिल सकेगा। अतिरिक्त पंप लगने से पानी का दबाव बना रहेगा और पाइपलाइन के अंतिम छोर यानी टेल तक के किसानों को भी समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।

विधानसभा सत्र में मुद्दा उठाने का आश्वासन

किसानों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बाला बच्चन ने जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की बात कही। साथ ही आगामी विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को उठाने का भी आश्वासन दिया। विधायक के आश्वासन के बाद किसानों को परियोजना की समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!