जंगल के चार खेतों से 9,353 गांजे के पौधे जब्त, कीमत करीब 25 लाख रुपये
वरला थाना क्षेत्र के निशानियापानी और आड़नदी के जंगलों में पुलिस की दबिश, ड्रोन से की गई सर्चिंग; एनडीपीएस एक्ट के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी।

जनोदय पंच। बड़वानी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन क्षेत्र के चार अलग-अलग खेतों से गांजे के 9,353 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त फसल का कुल वजन करीब 485 किलोग्राम बताया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 24 से 25 लाख रुपये आंकी गई है।
ड्रोन से निगरानी कर जंगलों में की सर्चिंग
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण) जोन इंदौर अनुराग और पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को 24 नवंबर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना वरला क्षेत्र के ग्राम निशानियापानी और आड़नदी के जंगलों में खेतों के भीतर अवैध रूप से गांजे की फसल उगाई गई है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी वरला ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद जिला पुलिस लाइन बड़वानी से करीब 45 पुलिसकर्मियों सहित निवाली, पाटी, सिलावद, खेतिया, सेंधवा ग्रामीण, सेंधवा सिटी, जुलवानिया और नागलवाड़ी थानों का बल बुलाया गया। थाना वरला में आमद दर्ज कराने के बाद अनुसंधान किटों के साथ आठ पुलिस टीमें गठित कर रवाना की गईं।
चार खेतों में मिली गांजे की फसल, आरोपी मौके से भागे
पुलिस टीमों ने सूचना की गोपनीयता बनाए रखते हुए पिकअप वाहनों को तिरपाल से ढककर जंगलों में सर्चिंग की। क्षेत्र का हवाई निरीक्षण करने के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई। तलाशी के दौरान चार अलग-अलग खेतों में गांजे की अवैध फसल मिली। पुलिस वाहनों को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए। इसके बाद चार पुलिस टीमों ने अक्षांश-देशांतर के आधार पर अलग-अलग खेतों में कार्रवाई करते हुए गांजे के पौधे जब्त किए।

कार्रवाई का स्थान वन भूमि पर होने और वन क्षेत्र अधिकार रेंज सिरवेल, जिला खरगोन के अंतर्गत आने के कारण वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया। वन विभाग की टीम ने खेतों की टोपोग्राफी के आधार पर आरोपियों को चिह्नित किया। उनके संबंध में अभिलेखों से अलग से जानकारी जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चार प्रकरणों में 9,353 पौधे जब्त
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत चार अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। इनमें अपराध क्रमांक 283/2026 में 4,950 पौधे, वजन 219 किलो 370 ग्राम और कीमत 10 लाख 96 हजार 850 रुपये दर्ज की गई है। अपराध क्रमांक 284/2026 में 1,719 पौधे, वजन 30 किलो 750 ग्राम और कीमत 1 लाख 53 हजार रुपये आंकी गई है।
इसी तरह अपराध क्रमांक 285/2026 में 347 पौधे, वजन 43 किलो 380 ग्राम और कीमत 2 लाख 16 हजार 900 रुपये दर्ज की गई है। वहीं अपराध क्रमांक 286/2026 में 2,337 पौधे, वजन 192 किलो 140 ग्राम और कीमत 9 लाख 60 हजार 700 रुपये बताई गई है। चारों मामलों में कुल 9,353 पौधे जब्त किए गए हैं। पुलिस और वन विभाग की टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।
पुलिस अधीक्षक बोले- अभियान लगातार जारी रहेगा
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती के खिलाफ ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है। दुर्गम वन क्षेत्रों में ड्रोन और संयुक्त पुलिस टीमों के समन्वय से गांजे की फसल जब्त की गई। वन विभाग के सहयोग से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक नारायण रावल (थाना प्रभारी वरला), निरीक्षक ओमप्रकाश चौंगड़ (थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण), निरीक्षक पुष्पकरण मुवेल (थाना प्रभारी ठीकरी), निरीक्षक सुखलाल भंवर (थाना प्रभारी खेतिया), निरीक्षक रवि ठाकुर (थाना प्रभारी निवाली), निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी (थाना प्रभारी सिलावद), निरीक्षक कुशलसिंह रावत, निरीक्षक ललिता चौहान, उप निरीक्षक महेंद्रसिंह चौहान, उप निरीक्षक सी.एल. चौहान और उप निरीक्षक बलवंत बिसेन सहित थाना वरला, सेंधवा ग्रामीण, सेंधवा सिटी, जुलवानिया, ठीकरी, सिलावद, निवाली, खेतिया और पुलिस लाइन बड़वानी के अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।



