भारत-वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का निर्णायक मुकाबला आज, जीतने वाली टीम खेलेगी सेमीफाइनल, ईडन गार्डन्स में विंडीज का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड मजबूत
दोनों टीमों के 2-2 अंक; 2016 में कोलकाता में दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड चैंपियन बनी थी वेस्टइंडीज

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण का आखिरी मैच भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता में खेला जाएगा। दोनों टीमों के 2-2 अंक हैं और विजेता सेमीफाइनल में पहुंचेगा। ईडन गार्डन्स में भारत का टी-20 रिकॉर्ड मजबूत है, जबकि वर्ल्ड कप में विंडीज का पलड़ा भारी रहा है।
करो या मरो की टक्कर
टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण का अंतिम मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज शाम 7 बजे कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। टॉस 6:30 बजे होगा। यह मैच क्वार्टर फाइनल जैसा अहम माना जा रहा है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली का सफर समाप्त हो जाएगा।
अंक तालिका की स्थिति
सुपर-8 में दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है और दोनों के पास 2-2 अंक हैं। दोनों को साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में यह मुकाबला निर्णायक बन गया है।
ईडन गार्डन्स का रिकॉर्ड
कोलकाता में भारत और वेस्टइंडीज चार बार आमने-सामने आए हैं और सभी टी-20 मुकाबले भारत ने जीते हैं। हालांकि टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें यहां पहली बार भिड़ेंगी। भारत ने इस मैदान पर अब तक एक वर्ल्ड कप मैच खेला और जीता है, जबकि वेस्टइंडीज ने तीनों मैचों में जीत दर्ज की है। 2016 में इसी मैदान पर वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था।
हेड-टू-हेड और वर्ल्ड कप आंकड़े
दोनों टीमों के बीच अब तक 30 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं। भारत ने 19 और वेस्टइंडीज ने 10 मैच जीते, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा। हालांकि वर्ल्ड कप में विंडीज का रिकॉर्ड बेहतर है। चार मुकाबलों में से तीन में विंडीज को जीत मिली, जबकि एक में भारत विजयी रहा। 2016 के सेमीफाइनल में विंडीज ने 193 रन का लक्ष्य तीन विकेट खोकर हासिल किया था।
खिलाड़ियों का प्रदर्शन
टूर्नामेंट में भारत के लिए ईशान किशन ने 6 मैचों में 214 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 186.08 रहा और सर्वोच्च स्कोर 77 रन है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 6 मैचों में 7.2 की इकोनॉमी से 11 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।



