बड़वानी में कार पर पत्थरबाजी के बाद हथियार लहराते युवकों का वीडियो वायरल, एक आरोपी गिरफ्तार
बड़वानी में पुलिस की दबिश, हथियार लहराते युवकों के मामले में एक गिरफ्तार, अन्य फरार

जनोदय पंच। बड़वानी के रेहगुन गांव में एक ठेकेदार की कार रोककर गाली-गलौज और पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। मामले की जांच के दौरान सोशल मीडिया पर युवकों का चाकू और तलवार लहराते हुए वीडियो मिला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी राजा उर्फ राजू पिता भूपेंद्र गोयल, उम्र 19 वर्ष, निवासी सजवानी को गिरफ्तार किया।
कार रोककर विवाद और पत्थरबाजी
बड़वानी। दिनांक 16.03.2026 को बड़वानी निवासी एक ठेकेदार की कार को थाना बड़वानी क्षेत्र के ग्राम रेहगुन में कुछ युवकों द्वारा बीच सड़क पर रोककर गाली-गलौज की गई तथा मामूली विवाद को लेकर कार पर पत्थर फेंककर नुकसान पहुंचाया गया। घटना की सूचना पर थाना बड़वानी में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सोशल मीडिया पर हथियार लहराते युवकों का वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल होता हुआ मिला, जिसमें रेहगुन, सजवानी एवं आसपास के आमलियापानी क्षेत्र के कुछ युवक चाकू व तलवार लहराते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस की दबिश और एक आरोपी गिरफ्तार
निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी बड़वानी के नेतृत्व में लगभग 20 पुलिसकर्मियों की टीम द्वारा संबंधित युवकों के घरों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान एक युवक राजा उर्फ राजू पिता भूपेंद्र गोयल, उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपी पुलिस की भनक लगने पर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
गांव में पैदल मार्च कर दी गई समझाइश
पुलिस द्वारा संबंधित क्षेत्र में पैदल मार्च कर पीए सिस्टम के माध्यम से ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि इस प्रकार की आक्रामक रील बनाकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास न करें। अन्यथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलतीज सिंह बिसेन सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।



