सेंधवा में व्यापारी से चेक में हेरफेर कर 46 हजार की ठगी, बैंक लीज के नाम पर धोखाधड़ी, महिला के खाते से निकाली राशि

जनोदय पंच | सेंधवा में व्यापारी के साथ ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने व्यापारी के भवन को बैंक कार्य हेतु लीज पर लेने की बात कहते हुए चेक लेकर उसमें हेरफेर कर 46 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई और राशि वापसी की मांग की है।
महावीर कॉलोनी निवासी व्यापारी मनोज यादव के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। व्यापारी ने शहर पुलिस को लिखित शिकायत देकर दो आरोपियों के फोटो और दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं। शिकायत के अनुसार, 6 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति ऑफिस पहुंचा और व्यापारी के भवन को बैंक कार्य हेतु किराए व लीज पर लेने की बात कही। उसने स्वयं को फीस पेमेंट सलूशन और साउथ इंडियन बैंक का अधिकारी बताया। 9 अप्रैल को वह दोबारा आया और प्रक्रिया के नाम पर एक फॉर्म भरवाकर प्रक्रिया के लिए 200-200 रुपए के दो चेक मांगे।

इस व्यक्ति ने बैंक में प्रकाश पाटिदार का आधार कार्ड दिखा कर राशि निकाली
चेक में हेरफेर कर निकाली राशि
व्यापारी द्वारा दिए गए चेक में आरोपी ने स्वयं पेन से राशि भरी और खाते के लिए लाइन खींची। 10 अप्रैल को सुबह 10:38 बजे व्यापारी की पत्नी नीलम यादव के बैंक खाते से 46,000 रुपए नकद निकासी का मैसेज मिला। बैंक में जानकारी लेने पर पता चला कि प्रकाश पाटीदार नाम के व्यक्ति ने आधार कार्ड दिखाकर राशि निकाली।
शिकायत पत्र में कही बात
शिकायतकर्ता नीलम यादव, निवासी महावीर कॉलोनी, शांति पैलेस के सामने, सेंधवा ने थाना प्रभारी सेंधवा को दिए पत्र में बताया कि आरोपी ने चेक में काट-छांट कर राशि 200 से बढ़ाकर 46,000 कर दी। उन्होंने दोनों व्यक्तियों के फोटो और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने की जानकारी दी है। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।



