सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा में कन्या कौशल शिविर की शुरुआत, चार दिवसीय आयोजन में 189 बालिकाओं ने लिया हिस्सा, पहले दिन योग-प्रशिक्षण और मार्गदर्शन सत्र आयोजित

गायत्री धाम में चार दिवसीय आयोजन, पहले दिन योग, अनुशासन और मार्गदर्शन पर जोर

जनोदय पंच। गायत्री धाम सेंधवा में चार दिवसीय कन्या कौशल शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल की उपस्थिति रही। पहले दिन 189 बालिकाओं का पंजीयन कर योग, प्राकृतिक चिकित्सा और करियर मार्गदर्शन जैसे सत्र आयोजित किए गए।


शिविर का शुभारंभ और पंजीयन

सेंधवा के गायत्री धाम में शुक्रवार से चार दिवसीय कन्या कौशल शिविर का आयोजन प्रारंभ हुआ। इस शिविर में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से कुल 189 बालिकाओं का पंजीयन हुआ। प्रथम दिवस में बालिकाओं का पंजीयन किया गया और शाम के सत्र में गायत्री धाम के संस्थापक मेवालाल पाटीदार द्वारा शिविर के उद्देश्य, आवश्यकता और आश्रम प्रांगण का परिचय देते हुए अनिवार्य अनुशासन से अवगत कराया गया।

योग, प्राकृतिक चिकित्सा और प्रेरक सत्र

प्रथम दिवस का शुभारंभ प्रातः 4 बजे मंत्र विज्ञान और योगा से हुआ। देवदर्शन के उपरांत प्रथम सत्र में मेवालाल पाटीदार द्वारा प्राकृतिक चिकित्सा पर जानकारी दी गई, जिसमें पंच तत्व, विभिन्न बीमारियों के लक्षण और उनके प्राकृतिक उपचार शामिल रहे। इसके बाद दूसरा सत्र जागृति चावड़ा (जिला संयोजक राष्ट्रीय स्वयं सेवक) द्वारा लिया गया, जिसमें उन्होंने पंच परिवर्तन, संस्कृति और संस्कार पर जानकारी देते हुए वर्तमान समय में सावधानी और साहस रखने की बात कही।

पुलिस अधीक्षक और करियर मार्गदर्शन सत्र

भोजन उपरांत जिले के पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल द्वारा प्रेरणास्पद चर्चा की गई। उन्होंने बालिकाओं को गार्गी, प्रहलाद और विवेकानंद के प्रसंगों के माध्यम से ज्ञान, विज्ञान और अध्यात्म के संबंध में बताया। इसके उपरांत दीक्षा गुप्ता द्वारा करियर गाइडेंस पर चर्चा की गई, जिसमें बालिकाओं को भविष्य की दिशा तय करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!