मुख्य खबरेभोपालमध्यप्रदेश
नर्मदापुरम में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पहाड़ों के बीच बाघ का कंकाल मिला, सुरक्षा पर उठे सवाल
राखी नंदा, संजीव शर्मा और गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण स्पष्ट होंगे


नर्मदापुरम के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में पहाड़ों के बीच एक बाघ का कंकाल मिला है। कंकाल मिलने की खबर से एसटीआर में हड़कंप मच गया। रात में फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा, पचमढ़ी सहायक संचालक संजीव शर्मा, रेंजर और स्टाफ मौके के लिए रवाना हुए। जानकारी के अनुसार, डब्लूसीबी और टाइगर रिजर्व द्वारा उदबिलाव का सर्वे किया जा रहा था, इसी दौरान टीम को यह कंकाल मिला।
प्रभारी डिप्टी डायरेक्टर डीएफओ गौरव शर्मा ने बताया कि टीम शुक्रवार रात पूर्व पचमढ़ी के पहाड़ों के बीच पहुंची थी, जहां यह कंकाल मिला। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर कंकाल मिला वह दो पहाड़ों के बीच खाई वाला क्षेत्र है, जहां आना-जाना नहीं होता। बाघ की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
पिछले महीने छिंदवाड़ा के सांगाखेड़ा रेंज के छातीआम में अफीम की खेती के लिए एक बाघ को मारकर गाड़ा गया था, जो एसटीआर का था और उसमें कॉलर आईडी लगी थी। छिंदवाड़ा से लगे क्षेत्र में फिर से बाघ का कंकाल मिलने के बाद शिकार की आशंका जताई जा रही है।