सेंधवा में 86 वर्षीय गणपति मोजिलाल पालीवाल का निधन, नेत्रदान से दो जरूरतमंदों को मिलेगी नई रोशनी
मानव सेवा समिति के सहयोग से संपन्न हुआ 28वां नेत्रदान, गोबर के कंडों से किया गया अंतिम संस्कार

जनोदय पंच। सेंधवा के जवाहरगंज निवासी गणपति मोजिलाल पालीवाल के निधन के बाद परिजनों ने नेत्रदान का निर्णय लिया। मानव सेवा समिति और नारायणदास हॉस्पिटल के सहयोग से कॉर्निया संग्रहित किए गए, जबकि परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इको-फ्रेंडली अंतिम संस्कार भी किया।
निधन के बाद परिजनों ने लिया नेत्रदान का निर्णय
सेंधवा के जवाहरगंज निवासी गणपति मोजिलाल पालीवाल का मंगलवार रात 8 बजे 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। निधन के बाद उनके पुत्र सुनील पालीवाल और संजय पालीवाल ने परिवारजनों की सहमति से नेत्रदान कराने का निर्णय लिया। इसके लिए मानव सेवा समिति सेंधवा के संचालक निलेश जैन से संपर्क कर परिवार की मंशा से अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही निलेश जैन ने नारायणदास हॉस्पिटल के डॉ. आकाश पालीवाल से संपर्क किया। रात लगभग 10 बजे गणपति मोजिलाल पालीवाल के कॉर्निया निकाले गए। यह कॉर्निया इंटरनेशनल आई बैंक इंदौर भेजे जाएंगे, जहां इन्हें दो जरूरतमंद लोगों को प्रत्यारोपित किया जाएगा। कॉर्निया निकालने की प्रक्रिया डॉ. आकाश पालीवाल ने संपन्न करवाई।

मानव सेवा समिति का 28वां नेत्रदान
मानव सेवा समिति के संचालक समाजसेवी निलेश जैन ने बताया कि समिति के माध्यम से यह 28वां नेत्रदान संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि गणपति पालीवाल की आंखों से दो लोगों को रोशनी मिल सकेगी। निलेश जैन ने शहर के सभी समाज प्रमुखों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिवार में गमी की स्थिति होने पर उनके मोबाइल नंबर 9425094501 पर संपर्क किया जा सकता है। समिति की टीम परिवारजनों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने का कार्य करेगी।
गोबर के कंडों से किया गया इको-फ्रेंडली अंतिम संस्कार
पालीवाल परिवार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए लकड़ियों के स्थान पर गोबर से बने कंडों का उपयोग कर इको-फ्रेंडली अंतिम संस्कार किया। बुधवार सुबह 11 बजे मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुनील पालीवाल, संजय पालीवाल, धनश्याम पालीवाल, विजय पालीवाल, रविन्द्र पालीवाल, शुभम पालीवाल, विक्की छाबड़ा, राजेंद्र पालीवाल, नारायणदास हॉस्पिटल के डॉ. आकाश पालीवाल, विकास सेनानी, विजय आर्य एवं सुखलाल चौहान उपस्थित रहे।




