इंदौर में 6 लाख की ठगी का आरोप, व्यापारिक संबंधों की आड़ में पति-पत्नी ने कार भी ली; केस दर्ज
भंवरकुआं थाना पुलिस ने प्रियंका मित्तल और विनायक मित्तल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की

जनोदय पंच। इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में व्यापारिक और पारिवारिक संबंधों के चलते करीब 6 लाख रुपये लेने और कार वापस नहीं करने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
व्यापारिक और पारिवारिक संबंधों के चलते दिया भरोसा
फरियादी गोपाल विरागी के प्रियंका मित्तल और उनके पति विनायक मित्तल से व्यापारिक और पारिवारिक संबंध थे। इसी विश्वास के चलते जनवरी माह में दोनों ने गोपाल विरागी से करीब 6 लाख रुपये लिए। इसके एवज में लिखापढ़ी करते हुए मर्सिडीज कार भी दी गई थी।
सर्विसिंग के नाम पर वापस ली मर्सिडीज
आरोप है कि बाद में प्रियंका मित्तल और विनायक मित्तल ने मर्सिडीज कार की सर्विसिंग महाराष्ट्र के संभाजीनगर में कराने की बात कही और कार वापस ले ली। इसके बाद मार्च माह में आरोपियों ने गोपाल विरागी की स्विफ्ट डिजायर कार भी अपने पास ले ली।
किराए पर चलाने की बात कहकर ली स्विफ्ट डिजायर
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने स्विफ्ट डिजायर कार को किराए पर चलाने और उससे होने वाली आय गोपाल विरागी को देने की बात कही थी। आरोप है कि तय बातों के मुताबिक न तो रकम वापस की गई और न ही कार लौटाई गई।
जनसुनवाई में पुलिस कमिश्नर से की शिकायत
लगातार परेशान होने के बाद फरियादी गोपाल विरागी ने जनसुनवाई में पुलिस कमिश्नर के समक्ष आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई की।
प्रियंका और विनायक के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, शिकायत की जांच के बाद भंवरकुआं थाने में प्रियंका मित्तल और उनके पति विनायक मित्तल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। एसीपी विजय चौधरी ने मामले की जानकारी दी। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही है।



