इंदौर में चाय की गुमटी में युवक का संदिग्ध शव मिला, सिर पर चोट और पास में मिला खून
अवंतिका नगर के पास गुमटी में मिला शव, पुलिस ने हत्या और हादसे दोनों एंगल से शुरू की जांच

जनोदय पंच। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में चाय की गुमटी के अंदर एक युवक का संदिग्ध हालत में शव मिला। सिर पर चोट के निशान और पास में खून मिलने के बाद पुलिस ने हत्या और हादसे दोनों एंगल से जांच शुरू की है। मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र के अवंतिका नगर के पास का है। यहां चाय की गुमटी के अंदर एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान परदेसिया इक्का के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह ईवी ट्रांसपोर्ट में काम करता था और इसी चाय की गुमटी में रहता था। पुलिस को युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। शव के पास खून भी मिला है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

हत्या और हादसे दोनों एंगल से जांच
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं शराब पीने के बाद गिरने से युवक के सिर में चोट तो नहीं लगी।
साथी से भी पूछताछ
पुलिस किसी व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की आशंका को भी जांच के दायरे में रख रही है। मृतक के साथ रहने वाले साथी को पूछताछ के लिए पकड़ा गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



