खरगोन-बड़वानी

पानसेमल नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना के टेंडर जल्द जारी कराने भोपाल पहुंचे विधायक श्याम बरडे, प्रमुख सचिव को सौंपा पत्र

किसानों और ग्रामीण परिवारों को सिंचाई के साथ दैनिक उपयोग के लिए जल उपलब्ध कराने की दिशा में परियोजना को बताया महत्वपूर्ण

जनोदय पंच। भोपाल। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई और जल सुविधा के विस्तार के लिए नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन की पहल की गई है। इसके तहत परियोजना के टेंडर जल्द जारी करने और शासकीय प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग उठाई गई है।

प्रमुख सचिव से मुलाकात कर सौंपा पत्र

पानसेमल विधायक श्याम बरडे ने भोपाल में नर्मदा घाटी विकास विभाग के प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पानसेमल नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना को शीघ्र प्रारंभ कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। विधायक ने परियोजना के टेंडर जल्द जारी करने और आवश्यक शासकीय प्रक्रियाओं में तेजी लाने के लिए पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।

किसानों और ग्रामीण परिवारों को मिलेगा लाभ

विधायक बरडे ने कहा कि पानसेमल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और किसानों की समृद्धि के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके पूर्ण होने से क्षेत्र के सभी गांवों में सिंचाई सुविधा के साथ दैनिक उपयोग के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे किसानों, गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। साथ ही कृषि उत्पादन और आर्थिक स्थिति में भी वृद्धि होगी।

विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा क्षेत्र का विकास

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनका संकल्प है कि पानसेमल विधानसभा का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और किसानों को समृद्धि के नए अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि पानसेमल नर्मदा माइक्रो सिंचाई परियोजना केवल सिंचाई योजना नहीं, बल्कि किसानों की खुशहाली, ग्रामीण विकास और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगी।

समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए प्रयास जारी रखने की बात

विधायक बरडे ने परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने और किसानों को जल्द से जल्द सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर निरंतर प्रयास करने की बात कही।

पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं ने विधायक श्याम बरडे की इस पहल की सराहना करते हुए परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी। विधायक ने कहा कि पानसेमल की खुशहाली, किसानों की समृद्धि और क्षेत्र का विकास ही उनका संकल्प है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!