सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना ठीकरी पुलिस द्वारा ग्राम/नगर रक्षा समिति के सदस्यों का किया गया भव्य सम्मान

बड़वानी पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत ठीकरी पुलिस ने ग्राम/नगर रक्षा समिति के सदस्यों को सम्मानित किया। सामुदायिक सहभागिता से कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले भर में रक्षा समिति सदस्यों को सक्रिय पुलिसिंग से जोड़ा जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) बड़वानी श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना ठीकरी पुलिस ने नए सदस्यों को जोड़कर दिनांक 27 अगस्त 2026 को नगर ठीकरी में आयोजित भव्य शिव डोला जुलूस की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था में तैनात किया था।
शिव डोला जुलूस के दौरान रक्षा समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के साथ बेहतरीन समन्वय, ईमानदारी और लगन का परिचय देते हुए कर्तव्यों का निर्वहन किया। सदस्यों की इस सक्रिय भूमिका के कारण ही संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए आज दिनांक 28 अगस्त 2026 को थाना परिसर ठीकरी में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री पुष्पकरण मुवेल, उप निरीक्षक श्री विकास बेनल एवं थाना स्टाफ द्वारा सभी सदस्यों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
थाना प्रभारी ने सदस्यों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि नागरिक और पुलिस के आपसी समन्वय से ही एक सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने भविष्य में भी शांति व्यवस्था एवं धार्मिक/सार्वजनिक आयोजनों में इसी प्रकार सक्रिय सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।


