इंदौर में पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती, होटल में दुष्कर्म और अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप
छह महीने तक ‘वीरू’ बनकर बातचीत, असली पहचान सामने आने पर धर्म परिवर्तन के दबाव का भी आरोप

जनोदय पंच। इंदौर में युवती ने एक युवक पर पहचान छिपाकर करीब छह महीने तक दोस्ती करने, होटल ले जाकर जबरदस्ती करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, इन्हीं सामग्री को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।
‘वीरू’ बनकर युवती से बढ़ाई दोस्ती
मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र का है। पुलिस में युवती द्वारा दिए गए बयान के मुताबिक, वारिश ने पहले खुद को ‘वीरू’ बताकर उससे बातचीत शुरू की और दोस्ती की। करीब छह महीने तक बातचीत के बाद फरवरी के महीने में वह युवती को एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और कथित तौर पर बिना बताए फोटो-वीडियो बना लिए।
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
युवती का आरोप है कि होटल में बनाए गए फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वारिश उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। इस दौरान युवक ने परिजनों की मर्जी से शादी कर ली और युवती से दूरी बना ली।
शादी से असंतुष्ट होकर दोबारा संपर्क
पीड़िता के अनुसार, कुछ समय बाद वारिश अपनी शादी से संतुष्ट नहीं होने की बात कहते हुए युवती से दोबारा दोस्ती करने पहुंचा और उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। इसी दौरान युवती को युवक की वास्तविक पहचान और उसका असली नाम वारिश होने की जानकारी मिली।
धर्म परिवर्तन के दबाव का भी आरोप
युवती का आरोप है कि जब उसे युवक की वास्तविक पहचान का पता चला तो उसने इसका विरोध किया। इसके बाद वारिश ने उस पर धर्म परिवर्तन करने और अपनी शर्तों के मुताबिक संबंध बनाए रखने का दबाव बनाया। युवती ने पहचान छिपाने, जबरदस्ती करने, अश्लील सामग्री के जरिए धमकाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मामले की जानकारी सामने आने के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में जांच कर रही है।


