खरगोन-बड़वानी

बड़वानी में छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधे रक्षासूत्र, सुरक्षा का लिया संकल्प

 थाना कोतवाली परिसर में रक्षाबंधन कार्यक्रम, बाल मित्र कक्ष का भ्रमण कर छात्राओं ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

जनोदय पंच। बड़वानी के थाना कोतवाली परिसर में रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। एकेडमी की 38 छात्राओं ने थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ को रक्षासूत्र बांधे। पुलिसकर्मियों ने बच्चियों की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया।

छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधे रक्षासूत्र

रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार के उपलक्ष्य में 27 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रुक्मणी एकेडमी की 38 नन्ही छात्राएं कोतवाली थाने पहुंचीं। छात्राओं ने थाना प्रभारी बड़वानी बलजीत सिंह बिसेन सहित समस्त पुलिस स्टाफ को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व उत्साह के साथ मनाया।

पुलिसकर्मियों ने लिया सुरक्षा का संकल्प

मासूम बच्चियों से रक्षासूत्र बंधवाने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उनकी सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया। पुलिस स्टाफ ने छात्राओं को उपहार और मिठाइयां भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर थाना प्रभारी बड़वानी बलजीत सिंह बिसेन ने कहा, “ये केवल एक राखी की डोर नहीं, बल्कि विश्वास का वो मजबूत धागा है जिसे हमें हमेशा अपने अच्छे और सच्चे कर्मों से निभाना है।”

बाल मित्र कक्ष का कराया भ्रमण

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को थाना कोतवाली परिसर में निर्मित ‘बाल मित्र कक्ष’ का भ्रमण भी कराया गया। परिसर में बनाई गई रंग-बिरंगी और संदेशात्मक पेंटिंग्स के माध्यम से बच्चियों को पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई।

पुलिस को बताया मित्र संस्था

छात्राओं को बताया गया कि पुलिस समाज की सुरक्षा, सहायता और न्याय के लिए हर समय तत्पर रहने वाली एक मित्र संस्था है। बाल मित्र कक्ष के सकारात्मक माहौल के माध्यम से बच्चों के मन में पुलिस के प्रति झिझक दूर करने और सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया गया।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!