इंदौर में कॉलोनी में घुसने से रोका तो चौकीदार को कार से कुचला, युवक और महिला मित्र गिरफ्तार
लसूड़िया क्षेत्र में देर रात विवाद के बाद वारदात, अस्पताल ले जाते समय चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय ने तोड़ा दम

जनोदय पंच। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में देर रात कॉलोनी में प्रवेश से रोकने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कार सवार युवक ने चौकीदार को टक्कर मार दी। गंभीर घायल चौकीदार की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने युवक और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार किया है।
कॉलोनी में प्रवेश को लेकर हुआ विवाद
बुधवार देर रात राजा उर्फ कमल अपनी महिला मित्र के साथ कार से कॉलोनी में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। गेट पर मौजूद चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय (34) ने उन्हें रोक दिया और कॉलोनी में प्रवेश का कारण पूछा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद राजा ने चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पत्नी और भांजे ने भी रोकने का किया प्रयास
विवाद के दौरान धर्मेंद्र मालवीय की पत्नी ज्योति और भांजा गोलू भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद राजा उर्फ कमल अपनी महिला मित्र के साथ कार में बैठकर वहां से निकल गया।
वापस लौटकर चौकीदार को मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी जाने के बाद राजा उर्फ कमल अपनी महिला मित्र के साथ दोबारा मौके पर लौटा। इसके बाद कार से चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय को टक्कर मार दी गई। टक्कर लगने से धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना में मृतक की पत्नी ज्योति भी घायल हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद लसूड़िया थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना कारित करने वाले आरोपी राजा उर्फ कमल और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि कॉलोनी में प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और आरोपी ने चौकीदार पर कार चढ़ा दी।
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस अब दोनों आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस की ओर से एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने घटना को लेकर जानकारी दी है।


