बड़वानी में लंबे समय से फरार पांच आरोपियों पर पुलिस ने घोषित किया नकद इनाम, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त
पानसेमल और बड़वानी के तीन आरोपियों पर 2-2 हजार, वरला के दो आरोपियों पर 1-1 हजार का इनाम

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने नकद इनाम घोषित किया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आमजन से प्रामाणिक सूचना देने की अपील की है।
पांच फरार आरोपियों पर इनाम घोषित
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल (भा.पु.से.) ने विशेष पहल की है। उनके द्वारा बड़वानी, पानसेमल और वरला थाना क्षेत्रों के विभिन्न अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच आरोपियों की गिरफ्तारी पर नकद इनाम की उद्घोषणा की गई है।

पानसेमल के आरोपी प्रवीण सिंह पर दो हजार का इनाम
थाना पानसेमल में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत धारा 3/5, 25(1)(क) आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज है। इस मामले में ओसवाड़ा, थाना पानसेमल, जिला बड़वानी निवासी प्रवीण सिंह पिता दिलीप सिंह सिकलीगर फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
बड़वानी थाना क्षेत्र के दो आरोपियों पर भी इनाम
थाना बड़वानी में दर्ज अपराध क्रमांक 196/2026 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत कस्तरा पिता जिरमल निगवाल फरार है। वह ग्राम जामली, थाना चैनपुर, तहसील झिरनिया, जिला खरगोन का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
इसी तरह थाना बड़वानी के अपराध क्रमांक 545/2026 में धारा 262 बीएनएस के तहत शुभम पिता सुभाष मानकर फरार है। वह माहर मोहल्ला जुलवानिया, थाना जुलवानिया, जिला बड़वानी निवासी है। उसकी गिरफ्तारी पर भी दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
वरला के दो आरोपियों पर एक-एक हजार का इनाम
थाना वरला में अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में दो आरोपी फरार हैं। इनमें पंजरिया, थाना वरला, जिला बड़वानी निवासी शांतिलाल पिता चिल्लर बरेला और अमीश पिता वेयर से बरेला शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी पर एक-एक हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
संभावित ठिकानों पर दबिश, पुलिस ने मांगी सूचना
पुलिस के अनुसार, उक्त आरोपी अपराध पंजीबद्ध होने के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं। बड़वानी पुलिस की विशेष टीमों द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी नागरिक को इन फरार आरोपियों के संबंध में कोई प्रामाणिक सूचना या सुराग मिलता है, तो वह तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष, बड़वानी में सूचना दे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त व गोपनीय रखी जाएगी।



