बड़वानी पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों और शिव डोला उत्सव समिति के सदस्यों ने डोला मार्ग का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया

बड़वानी। श्रावण मास की समाप्ति पर नगर के आराध्य राजाधिराज भगवान श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव 31 अगस्त को भव्य शाही शिव डोले के रूप में शहर भ्रमण पर निकलेंगे। शिव डोला दोपहर 1 बजे बावनगजा मार्ग स्थित मंदिर से प्रारंभ होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों और शिव डोला उत्सव समिति के सदस्यों ने डोला मार्ग का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।शिव डोला रानीपुरा हनुमान मंदिर, योगमाया मंदिर, महालक्ष्मी गेस्ट हाउस, झंडा चौक, रणजीत चौक, एमजी रोड, मोटीमाता चौक, बाबा रामदेव मंदिर, मां कालिका माता मंदिर, चंचल चौराहा, जैन मंदिर चौराहा और फिटवेल चौराहा-रानीपुरा होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचेगा।
40 से अधिक स्थानों पर स्वागत-सत्कार
शहर में शिव डोले में शामिल श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सेवा के लिए धार्मिक, सामाजिक संगठनों, समाजों और विभिन्न सेवा समूहों द्वारा 40 से अधिक स्थानों पर स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें कोहिनूर ग्रुप, बब्बू भाई, स्व. अनिलजी स्मृति सेवा समूह, हनुमान मंदिर रानीपुरा, एमआर एसोसिएशन, विजय बागड़ी (माली) स्मृति सेवा समूह, सिर्वी समाज, आनंद ट्रेडर्स, मेडिकल एसोसिएशन, हिंदू-मुस्लिम एकता समूह, अमित इलेक्ट्रॉनिक, जीसी ग्रुप, जगत आइसक्रीम, कुसुम्बेश्वर महादेव मंदिर, नर्मदे हर ग्रुप, युवा कहार समाज, दुर्गा जीजी चने वाले, धरोहर ग्रुप, रानू स्टोर, महाजन स्टोर, टीम ग्रुप, शीतला माता ग्रुप, सचिन शर्मा मित्र मंडल, विश्व हिंदू परिषद, जागर्स ग्रुप, भावसार समाज, ओटला ग्रुप, सर्व सेन समाज, मोटीमाता ग्रुप, राठौड़ समाज, शिवशक्ति सेवा मंडल, भव्य ग्रुप, कालिका माता ग्रुप, धनगर समाज, जैन समाज, कुमरावत तंबोली समाज, श्रीजी मार्ट, श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर समिति सेगांव, स्व. दिलीप वर्मा स्मृति सेवा समूह एवं श्री केशरी नंदन ग्रुप रानीपुरा सहित अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संगठन शामिल हैं।इन सभी के द्वारा शिव डोले में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत-सत्कार किया जाएगा। साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों पर शिव डोले पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा।

श्री साई बाबा जीवन धारा हॉस्पिटल लगाएगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
इस बार श्री साई बाबा जीवन धारा हॉस्पिटल द्वारा शिव डोले के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य एवं आपातकालीन शिविर लगाए जाएंगे। फूलीबाई धर्मशाला, आई माता मंदिर, रणजीत चौक, झंडा चौक, एमजी रोड, कालिका माता मंदिर और चंचल चौराहा सहित करीब 8 से 10 स्थानों पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।
पुलिस-प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था
शिव डोले के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी तथा डोला मार्ग से जुड़ी गलियों में आवश्यकतानुसार वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया जाएगा।नगर पालिका द्वारा प्रकाश व्यवस्था, सफाई, चूने की लाइन, गड्ढों का पैचवर्क, डोला प्रांगण में मुरूम फिलिंग, पानी के टैंकर, कचरा वाहन और सफाईकर्मियों की व्यवस्था की जाएगी। मवेशियों और निर्माण सामग्री को भी मार्ग से हटाया जाएगा।एमपीईबी द्वारा विद्युत तारों की ऊंचाई की जांच और पेड़ों की छंटाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित स्थानों पर एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा। यातायात पुलिस द्वारा पाटी रोड, रेवा कॉलोनी, साकेत कॉलोनी और तिरछी पुलिया सहित प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
अधिकारियों ने किया मार्ग का निरीक्षण
गुरुवार को थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन, नगर पालिका अधिकारी रामकरण डावर, यातायात विभाग तथा एमपीईबी के अधिकारी जनक गंगराड़े सहित शिव डोला समिति के सदस्यों ने पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शिव डोला से छोटे व्यापारियों को भी रोजगार
शिव डोले के दौरान शहर में लगने वाले छोटे मेले से छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को भी रोजगार का अवसर मिलता है। बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी खाद्य सामग्री, खिलौने, प्रसाद और अन्य सामान के स्टॉल लगाते हैं। समिति द्वारा इन व्यापारियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।समिति ने श्रद्धालुओं, झांकियों, व्यापारियों और वाहन चालकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि भगवान श्रीरामकुल्लेश्वर महादेव का शाही शिव डोला शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न हो।


