मानव सेवा समिति द्वारा लावारिस व्यक्ति का विधि-विधान से अंतिम संस्कार सम्पन्न

सेंधवा। कल रात किले के अंदर भीख मांगकर जीवन यापन करने वाले एक व्यक्ति की दुखद मृत्यु हो गई। इसकी सूचना रात करीब 10 बजे शिवम जोशी द्वारा मानव सेवा समिति सेंधवा के संचालक निलेश जैन को दी गई। सूचना मिलते ही मानव सेवा समिति की टीम सक्रिय हुई और शहर थाने की पुलिस तथा एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। शव को तत्काल सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि व्यक्ति की मृत्यु कुछ समय पूर्व ही हो चुकी थी।
पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कुवरसीह पिता वेस्ता, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में की गई। मृत्यु के समय उनकी पत्नी रेखा वेस्ता, जो दृष्टिबाधित हैं, शव के पास मौजूद थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां आज दोपहर डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। मृतक का एक भाई पोरबंदर (गुजरात) में निवासरत है, जिसने आने में असमर्थता जताई।
पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब 3 बजे मानव सेवा समिति के निलेश जैन द्वारा विधि-विधान से मृतक कुवरसीह का अंतिम संस्कार परिवारजनों की उपस्थिति में सम्पन्न कराया गया। इस दौरान मानव सेवा समिति के महेंद्र परिहार, कालू भाई रैकल, रुद्राक्ष परिहार, शहर थाने से भूरेसिंह वास्केल, तथा परिजनों में नरसिंह बामणिया, कांजली बाई सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



