खरगोन-बड़वानी

निवाली में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण, 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाने की घोषणा

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया अनावरण, एसआईआर के विरोध पर विपक्ष को घेरा; घुसपैठियों के नाम हटाने को लेकर उठाए सवाल

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच।  निवाली नगर के मुख्य तिराहे पर सोमवार शाम पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी हुई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग शामिल हुए।

मुख्य तिराहे पर हुआ प्रतिमा का अनावरण

निवाली नगर के मुख्य तिराहे पर सोमवार शाम 5.30 बजे कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने 15 नवंबर को इसी तिराहे पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। यह घोषणा नगर परिषद और क्षेत्र के लोगों की मांग पर की गई।

नगर परिषद ने मुख्य तिराहे से अतिक्रमण हटाकर उसका सौंदर्यीकरण कराया है। यहां पहले से भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्याम बर्डे, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव और नगर परिषद अध्यक्ष मौजूद रहे। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और योगदान को किया याद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि छोटे कार्यकर्ताओं को गले लगाना और उनका मनोबल बढ़ाना अटल बिहारी वाजपेयी की खासियत थी। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें ‘अटल जी’ कहकर सम्मान देते थे। वाजपेयी हमेशा देश और विकास की बात करते थे। विपक्ष में रहते हुए भी लोग उनका सम्मान करते थे।

विजयवर्गीय ने कहा कि सरकार अच्छा काम करे और विपक्ष उसकी तारीफ करे, इससे बेहतर बात नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश में प्रजातंत्र के मूल्यों की स्थापना की और उनका नाम स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

एसआईआर के विरोध पर विपक्ष से पूछा सवाल

एसआईआर के विरोध को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि घुसपैठियों के नाम हटाने में गलत क्या है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के जरिए करोड़ों लोगों के नाम हटाए गए, जिनमें ढाई करोड़ ऐसे नाम थे, जिनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने दावा किया कि बाकी नाम घुसपैठियों के थे। विजयवर्गीय ने यह भी आरोप लगाया कि लूटपाट करने वाले घुसपैठियों को विपक्ष ने शरण दी थी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!