सेंधवाखरगोन-बड़वानी

सेंधवा; 18 नवंबर से ऑपरेशन ग्रीन कमांडो अभियान, पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधाएं, फसलों का भी होगा सर्वे

कम बारिश से प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी राहत, कलेक्टर जयति सिंह ने अधिकारियों को दिए सर्वे और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा क्षेत्र के दूरस्थ और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए 18 नवंबर से विशेष अभियान शुरू होगा। इसके साथ ही कम बारिश से प्रभावित फसलों की स्थिति का आकलन कर पात्र किसानों के राहत प्रकरण तैयार किए जाएंगे। प्रशासन की टीम दुर्गम क्षेत्रों का निरीक्षण भी करेगी।

वरला के पहाड़ी इलाकों में चलेगा अभियान

बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह ने बुधवार दोपहर सेंधवा एसडीएम कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि 18 नवंबर को वरला क्षेत्र में ऑपरेशन ग्रीन कमांडो अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रशासन की टीम दुर्गम पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचेगी। अभियान का उद्देश्य वहां रहने वाले लोगों तक सरकारी सेवाएं और विशेष रूप से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कलेक्टर ने बताया कि शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और बारिश के बाद कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से सेंधवा क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान वरला तहसील के पहाड़ी इलाकों में बारिश और कृषि उत्पादन की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

कम बारिश से प्रभावित किसानों का होगा सर्वे

कम बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए आरबीसी 6-4 के तहत सर्वे कराया जाएगा। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को पिछले साल की अनावरी के आधार पर फसलों की स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित किसानों का सर्वे कर पात्र किसानों के प्रकरण तैयार किए जाएंगे। इसके बाद नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाएगी।

सिंचाई परियोजना के काम में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर जयति सिंह ने सेंधवा रामचंद्र विट्ठल बड़े माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश के बाद कार्य की गति की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों से ली और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बिजली परियोजना और आवास योजना की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धरती आबा बिजली परियोजना के पहले और दूसरे चरण के कार्यों की प्रगति भी देखी। इसके साथ ही जनपद पंचायत के माध्यम से संचालित आवास योजना के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सेंधवा एसडीएम कुमार सानू देवड़िया मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!